Uttar Pradesh

गोंडा से CM Yogi का विकास मंत्र: 4901 करोड़ की 1000 परियोजनाओं को मंजूरी

मां पाटेश्वरी शक्तिपीठ समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों की कनेक्टिविटी होगी बेहतर, 1602 किमी नई ग्रामीण सड़कें, 81 लघु सेतु, सात बड़े पुल और 12 हेलीपैड निर्माण को हरी झंडी

गोंडा, 20 जून 2026:

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने गोंडा दौरे के दौरान देवीपाटन और बस्ती मंडल के विकास को नई गति देने वाली बड़ी सौगातों का ऐलान किया। दो हफ्ते से भी कम समय में दूसरी बार गोंडा पहुंचे मुख्यमंत्री ने महाराजा सुहेलदेव सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में 4901.65 करोड़ रुपये की लागत वाली एक हजार से अधिक विकास परियोजनाओं को मंजूरी प्रदान की।

सीएम ने देवीपाटन और बस्ती मंडल के 33 विधानसभा क्षेत्रों से जनप्रतिनिधियों द्वारा भेजे गए विकास प्रस्तावों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण देखा। उन्होंने विशेष रूप से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मां पाटेश्वरी शक्तिपीठ धाम, स्वामीनारायण मंदिर, मखौड़ा धाम सहित अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों को जोड़ने वाले 13 महत्वपूर्ण मार्गों के विकास को स्वीकृति दी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इन परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।

योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 810 कार्यों को मंजूरी दी। इन परियोजनाओं पर करीब 1472.83 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में 1602 किलोमीटर लंबी नई और बेहतर सड़कें तैयार होंगी। इसके अलावा 50 से अधिक सड़कों के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का कार्य भी किया जाएगा।

ये भी पढ़ें:

CM Yogi in Gonda Approves Development Projects (1)

समीक्षा बैठक में देवीपाटन मंडल के गोंडा, बलरामपुर, बहराइच और श्रावस्ती तथा बस्ती मंडल के बस्ती, सिद्धार्थनगर और संतकबीरनगर जिलों की सड़क, पुल और संपर्क मार्ग परियोजनाओं की प्रगति का आकलन किया गया। मुख्यमंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से जोड़ने, जर्जर सड़कों के पुनर्निर्माण और यातायात सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने दो स्टेट हाईवे के विकास, प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों की बेहतर कनेक्टिविटी, 81 लघु सेतु और सात बड़े पुलों के निर्माण को भी मंजूरी दी। शहरी क्षेत्रों में सुगम यातायात व्यवस्था के लिए बाईपास मार्गों और ओवरब्रिज परियोजनाओं को भी हरी झंडी दी गई। इसके साथ ही देवीपाटन मंडल में सड़क सुरक्षा संबंधी कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए।

ग्रामीण क्षेत्रों में आपदा प्रबंधन और आपातकालीन सेवाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से 12 हेलीपैड निर्माण कार्यों को भी मंजूरी प्रदान की गई। सीएम ने हरदौपट्टी संपर्क मार्ग, पंडितपुरवा-नहवा-परसौरा मार्ग, सुभानपुर-बेलवानोहर मार्ग तथा चांदपुरडीहा संपर्क मार्ग समेत कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने सभी लंबित परियोजनाओं को तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग अजय चौहान, देवीपाटन मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल, बस्ती मंडलायुक्त अखिलेश सिंह, डीएम प्रियंका निरंजन, एसपी विनीत जायसवाल सहित लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

READ MORE

ये भी पढ़ें  गोरखपुर में सीएम योगी का डबल एक्शन, विपक्ष पर हमला, अफसरों को जलभराव पर अल्टीमेटम

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link