Lucknow CityNational

International Yoga Day: पक्षी विहार में गूंजा ‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ का संदेश

'विजिट माई स्टेट उत्तर प्रदेश' अभियान के तहत शहीद चंद्रशेखर आजाद पक्षी विहार का विशेष भ्रमण, विद्यार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों और परिवारों सहित 40 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

लखनऊ, 21 जून 2026:

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने ‘विजिट माई स्टेट उत्तर प्रदेश’ अभियान के तहत उन्नाव के शहीद चंद्रशेखर आजाद पक्षी विहार के लिए विशेष एकदिवसीय भ्रमण का आयोजन किया। ‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ थीम पर आयोजित इस पहल में योग, प्रकृति और ईको-टूरिज्म का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, परिवारों, वरिष्ठ नागरिकों समेत करीब 40 लोगों ने हिस्सा लेकर स्वास्थ्य, पर्यावरण और पर्यटन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई।

यात्रा का शुभारंभ लखनऊ स्थित होटल गोमती से हुआ। प्रतिभागियों ने पहले स्वास्थ्यवर्धक भोजन का आनंद लिया। गीत-संगीत और आपसी संवाद के बीच शुरू हुई यह यात्रा शहीद चंद्रशेखर आजाद पक्षी विहार पहुंचकर और भी यादगार बन गई। शांत प्राकृतिक वातावरण में प्रतिभागियों ने ताड़ासन, भुजंगासन, प्राणायाम सहित विभिन्न योगाभ्यास किए। अधिकारियों ने योग के शारीरिक और मानसिक लाभों तथा सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए इसके महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि सीएम योगी के मार्गदर्शन में संचालित ‘विजिट माई स्टेट उत्तर प्रदेश’ अभियान लोगों को प्रदेश के विविध पर्यटन स्थलों और अनुभवों से जोड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह पहल वेलनेस, ईको-टूरिज्म और प्रकृति आधारित शिक्षण का सफल समन्वय है, जिसने ‘योगा फॉर हेल्दी एजिंग’ के संदेश को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाया है।

भ्रमण के दौरान प्रतिभागियों ने पक्षी विहार की मनोरम झीलों का अवलोकन किया और स्थानीय व प्रवासी पक्षियों को करीब से देखा। यूपीएसटीडीसी के प्रबंधक मनोज वर्मा ने बताया कि यह पक्षी विहार प्रवासी पक्षियों का महत्वपूर्ण आवास स्थल है। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार माता सीता को बिठूर में छोड़ने के बाद भगवान लक्ष्मण ने इसी स्थान पर विश्राम किया था। इससे यह स्थल प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत का अनूठा केंद्र बन जाता है।

विद्यार्थियों के लिए यह यात्रा विशेष रूप से ज्ञानवर्धक रही। उन्हें जैव विविधता, पक्षी संरक्षण और प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र के संरक्षण के महत्व को नजदीक से समझने का अवसर मिला। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के इंफ्लुएंसर्स, चिकित्सकों और अन्य पेशेवरों की भागीदारी ने इसे स्वास्थ्य, सीख और प्रकृति के प्रति जागरूकता का प्रेरक मंच बना दिया।

यूपीएसटीडीसी के अध्यक्ष अमृत अभिजात ने कहा कि ‘विजिट माई स्टेट उत्तर प्रदेश’ अभियान के तहत ऐसी पहलें अनुभवात्मक पर्यटन को नई दिशा दे रही हैं। वेलनेस, पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन को एक साथ जोड़कर प्रदेश की समृद्ध प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत से लोगों को जोड़ने का यह प्रयास भविष्य में भी जारी रहेगा।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button