
संतकबीरनगर, 25 जून 2026:
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को संतकबीरनगर के धनघटा तहसील स्थित कुआनो नदी तट पर बसे बैजूनाथ धाम, बसवारी में आयोजित कार्यक्रम में 475 करोड़ रुपये से अधिक की 139 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, सिंचाई, ग्रामीण विकास और आधारभूत ढांचे से जुड़ी परियोजनाएं जिले की तरक्की को नई रफ्तार देंगी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ समाज के आखिरी व्यक्ति तक पहुंचाना है।
आपातकाल की बरसी पर कांग्रेस और सपा पर हमला बोलते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 25 जून 1975 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देश पर आपातकाल थोपकर लोकतंत्र का गला घोंट दिया था। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी और मुलायम सिंह यादव समेत अनेक नेताओं को जेल में डाल दिया गया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो दल आज संविधान बचाने की बात करते हैं, वही लोग देश में लोकतंत्र और संविधान पर सबसे बड़ा प्रहार कर चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में राहुल और अखिलेश संविधान की प्रति लेकर घूमते थे। उन्होंने ही संविधान की हत्या की। ये लोग कौन सा मुंह लेकर जनता के बीच जाते हैं।
योगी ने कहा कि पहले की सरकारों में आम लोगों की आवाज दबाई जाती थी, जबकि वर्तमान सरकार गांव, गरीब, किसान, महिला, युवा और बुजुर्ग सभी को सम्मान और सुविधाएं देने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने गरीबों को आवास, किसानों को सहायता और युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए हैं।
उन्होंने कहा कि जब ईमानदार सरकारें आती हैं तो विकास होता है, लेकिन भ्रष्ट और बेईमान सरकारें जनता के हक पर डाका डालती हैं। ऐसी सरकारें गरीबों और पिछड़ों का अधिकार छीनती हैं, किसानों को संकट में डालती हैं और महिलाओं की सुरक्षा से समझौता करती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी पिछड़े माने जाने वाले इस क्षेत्र की तस्वीर तेजी से बदल रही है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे ने पूर्वी उत्तर प्रदेश को नई पहचान दी है। खजनी और धनघटा जैसे इलाके अब बेहतर कनेक्टिविटी के जरिए सीधे विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं।
उन्होंने संत कबीर की धरती मगहर का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय यहां को लेकर कई तरह की मान्यताएं थीं, लेकिन आज यहां ऑडिटोरियम, एकेडमी और नई सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। साथ ही आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर भी मिल रहे हैं।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मेंहदावल क्षेत्र में पक्षी विहार को ईको टूरिज्म और रामसर साइट के रूप में विकसित किया जा रहा है। जिन क्षेत्रों में पहले उच्च शिक्षा के संस्थान नहीं थे, वहां अब डिग्री कॉलेज, आईटीआई, पॉलिटेक्निक और अन्य तकनीकी संस्थान स्थापित किए जा रहे हैं। अटल आवासीय विद्यालय और मुख्यमंत्री विद्यालय जैसी योजनाएं भी शिक्षा व्यवस्था को मजबूत कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेलघाट और आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए कभी दो घंटे में लखनऊ पहुंचना कल्पना जैसा था, लेकिन पूर्वांचल एक्सप्रेसवे बनने के बाद यह सपना हकीकत में बदल गया है। अब लोग सीधे बेहतर सड़क नेटवर्क के जरिए कम समय में राजधानी तक पहुंच रहे हैं।






