सीतापुर, 27 जून 2026:
सीतापुर के मछरेहटा थाना क्षेत्र के गंधारिया पट्टी इलाके में बाघ होने की आशंका ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी। गन्ने के खेत के पास एक बड़े वन्यजीव के दिखने की सूचना के बाद वन विभाग अलर्ट हो गया। मौके पर शुरू की गई तलाश के दौरान नीलगाय का शिकार किया गया शव मिला, जिससे इलाके में बाघ की मौजूदगी की आशंका और गहरा गई।
ग्रामीणों के मुताबिक, शुक्रवार शाम करीब छह बजे गांव के कुछ युवक जामुन खाने के लिए गांव से बाहर पेड़ों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने गन्ने के खेत के किनारे एक बड़े वन्यजीव को देखा। युवकों की आहट मिलते ही वह तेजी से गन्ने के खेत के अंदर चला गया। घबराए युवक शोर मचाते हुए गांव लौटे और लोगों को पूरी जानकारी दी।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय कर्मचारियों ने ग्रामीणों के साथ आसपास के गन्ने के खेतों में कॉम्बिंग अभियान चलाया। तलाश के दौरान एक खेत में नीलगाय का शव मिला, जिसका पेट फटा हुआ था और उसके कुछ आंतरिक अंग बाहर निकले हुए थे।
मौके पर करीब 20 से 25 मीटर तक घसीटने के निशान भी मिले। कई जगह खून के धब्बे दिखाई दिए, जिससे माना जा रहा है कि किसी बड़े वन्यजीव ने नीलगाय का शिकार किया है। हालांकि वन विभाग ने अभी बाघ की मौजूदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
घटना के बाद गंधारिया पट्टी और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। कई ग्रामीण खेतों में जाने से बच रहे हैं। वन विभाग की टीम लगातार इलाके की निगरानी कर रही है। लोगों से अपील की गई है कि बिना जरूरत अकेले खेतों की ओर न जाएं और किसी भी संदिग्ध वन्यजीव की जानकारी विभाग को दें।






