Lucknow CityUttar Pradesh

साइकिल चलेगी तो दंगे होंगे… अब ब्रह्मोस बन रही, पीलीभीत से योगी का सपा-कांग्रेस पर तीखा हमला

569 करोड़ की 66 परियोजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास, 2,500 विस्थापित परिवारों को दिए भूमि अधिकार पत्र, बोले- नो दंगा, नो कर्फ्यू, सब चंगा है यूपी

पीलीभीत/लखनऊ, 29 जून 2026:

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को पीलीभीत से समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि सपा और कांग्रेस को सिर्फ मुसलमानों की चिंता है। यूपी की जनता ने साइकिल पंचर कर दी है। अगर साइकिल चलेगी तो दंगे होंगे, कर्फ्यू लगेगा लेकिन आज प्रदेश में ‘नो दंगा, नो कर्फ्यू, सब चंगा’ का माहौल है।

बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्र के पतरासा कुंवरपुर गांव में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद की मौजूदगी में 569 करोड़ रुपये की लागत वाली 66 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने करीब 2,500 विस्थापित परिवारों को भूमि अधिकार पत्र सौंपे और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी उत्तर प्रदेश की पहचान अवैध हथियारों और कट्टों के निर्माण से होती थी लेकिन आज वही प्रदेश रक्षा उत्पादन का बड़ा केंद्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि पहले कट्टे बनते थे, अब ब्रह्मोस मिसाइल बन रही है। उन्होंने बताया कि डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के जरिए प्रदेश निवेश, रोजगार और आधुनिक रक्षा उपकरणों के निर्माण का प्रमुख केंद्र बन रहा है।
cm-yogi-pilibhit-visit-slams-sp-congress-launches-development-projects (2)

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और सपा पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इन दलों ने वर्षों तक शासन किया लेकिन बांग्लादेश से आए प्रताड़ित हिंदू परिवारों, गरीबों, दलितों और वंचितों की कभी चिंता नहीं की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने नागरिकता संशोधन के माध्यम से ऐसे परिवारों को सम्मानपूर्वक जीवन और अधिकार दिलाने का काम किया है।

योगी ने बताया कि पीलीभीत में लगभग 2,500 विस्थापित परिवारों यानी करीब 15 हजार लोगों को नागरिकता और भूमि अधिकार का लाभ दिया जा रहा है। प्रदेश में ऐसे करीब 55 हजार परिवारों को चरणबद्ध तरीके से अधिकार दिलाने का अभियान चल रहा है, जिसकी शुरुआत पीलीभीत से हुई है। उन्होंने बताया कि बाराबंकी और बहराइच में भी यह प्रक्रिया जारी है। अन्य मामलों में आवश्यक अनुमति मिलते ही लाभार्थियों को अधिकार दिए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने बिना नाम लिए समाजवादी पार्टी के एक नेता पर भी तंज कसते हुए कहा- जो लोग दोपहर 12 बजे उठते हैं और शाम को जिम चले जाते हैं, उन्हें गरीबों का दर्द समझ में नहीं आता। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने केवल एक परिवार और एक क्षेत्र के विकास पर ध्यान दिया जबकि भाजपा सरकार पूरे प्रदेश के संतुलित विकास, गरीबों के सम्मान और सुशासन के लिए काम कर रही है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button