
न्यूज डेस्क, 30 जून 2026:
उत्तराखंड की सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक तकनीक से मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय और उत्तराखंड सरकार के बीच सोमवार को नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते के बाद प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में कई अत्याधुनिक मेडिकल उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।
समझौते के तहत प्रधानमंत्री निधि से उत्तराखंड को 4 MRI मशीनें, 5 Digital Mammography मशीनें, साथ ही 75 AI आधारित पोर्टेबल हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीनें मिलेंगी। इन उपकरणों से सरकारी अस्पतालों में जांच की सुविधा पहले से ज्यादा मजबूत होगी, मरीजों को समय पर बीमारी की पहचान करने में मदद मिलेगी।
सबसे ज्यादा फायदा पर्वतीय और दूरस्थ इलाकों के मरीजों को मिलने की उम्मीद है। AI सक्षम पोर्टेबल हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीनों की मदद से लोगों को अपने क्षेत्र के आसपास ही बेहतर जांच की सुविधा मिल सकेगी, जिससे इलाज शुरू होने में लगने वाला समय भी कम होगा।
उत्तराखंड सरकार की ओर से स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडे ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस दौरान भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की अपर सचिव आराधना पटनायक मौजूद रहीं। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन उत्तराखंड के मिशन निदेशक संदीप तिवारी समेत केंद्र और राज्य सरकार के कई अधिकारी भी मौजूद रहे।






