Prayagraj

Prayagraj : बेटे के जन्म की खुशी मातम में बदली, चचेरे भाई की रिवाल्वर गरजी, युवक की मौत

घर में बच्चे के जन्म का एक माह पूरा होने पर रखा गया था कार्यक्रम, चचेरे भाई की हर्ष फायरिंग का शिकार हुआ दूसरा चचेरा भाई, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर रिवाल्वर जब्त की

प्रयागराज, 30 जून 2026:

प्रयागराज के करछना इलाके में शिशु के जन्म की खुशी में आयोजित पारिवारिक कार्यक्रम उस समय मातम में बदल गया, जब हर्ष फायरिंग के दौरान चली गोली एक युवक को लग गई। घायल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी लाइसेंसी रिवाल्वर जब्त कर ली है।

मामला करछना थाना क्षेत्र की भुंडा चौकी के निरिया गांव का है। यहां छोटकऊ उर्फ अनूप यादव के घर एक महीने पहले बेटे का जन्म हुआ था। इसी खुशी में सोमवार शाम रिश्तेदारों के लिए दावत रखी गई थी। कार्यक्रम में परिवार के कई सदस्य मौजूद थे।

पुलिस के मुताबिक, अनूप का चचेरा भाई विजय कुमार यादव भी समारोह में शामिल होने आया था। इसी दौरान उसने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से हर्ष फायरिंग कर दी। फायर की गई गोली वहां मौजूद दूसरे चचेरे भाई सर्वेश यादव उर्फ गोलू को जा लगी।

गोली लगते ही कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई।
परिजन सर्वेश को इलाज के लिए स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में खुशी का माहौल गम में बदल गया।

बताया गया कि अस्पताल से लौटते समय परिजन शव लेकर जा रहे थे। इसी बीच किसी ने पुलिस को घटना की सूचना दे दी। पुलिस ने परेड ग्राउंड के पास आरोपी विजय कुमार यादव को पकड़ लिया। उसके कब्जे से लाइसेंसी रिवाल्वर भी बरामद कर जब्त कर ली गई।

मृतक के पिता राजेंद्र प्रसाद की तहरीर पर करछना थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। एसीपी करछना सुनील सिंह ने बताया कि पारिवारिक कार्यक्रम में लाइसेंसी रिवाल्वर से हर्ष फायरिंग की गई थी, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। आरोपी को गिरफ्तार कर हथियार जब्त कर लिया गया है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button