
प्रमोद पासी
उन्नाव, 1 जुलाई 2026:
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बांगरमऊ क्षेत्र में बुधवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। देवखरी गांव के पास फरीदाबाद से बिहार जा रही एक स्लीपर बस के चालक को झपकी आने पर बस बेकाबू हो गई। तेज रफ्तार बस डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रही अर्टिगा कार को टक्कर मारने के बाद खाई में पलट गई। हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि बस में सवार 17 यात्री घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक बस में करीब 85 यात्री सवार थे। यात्रियों का आरोप है कि चालक मोहित बस चलाते समय नशे की हालत में था। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस, यूपीडा की टीम और स्थानीय लोगों ने राहत-बचाव अभियान चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

हादसे में कार चालक विनोद कुमार निवासी संतकबीरनगर, अंजू निवासी गोरखपुर, उनकी छह वर्षीय बेटी अमृता, 13 वर्षीय दिव्या निवासी संतकबीरनगर और 60 वर्षीय धुनमुन की मौत हो गई। कार में सवार आर्यन, रिदाशन, प्रिया और अपराजिता घायल हुए हैं। बताया गया कि कार सवार लोग कुशीनगर से मथुरा जा रहे थे।

बस में सवार 17 यात्री भी घायल हुए हैं। इनमें चालक मोहित, अन्नू देवी, सूरज, पवन कुमार, आनंदी, शंकर माझी और खुशबू समेत कई लोग शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज कराया जा रहा है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटाकर ट्रैफिक को नार्मल किया। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और हादसे की जांच शुरू कर दी है।






