
लखनऊ, 2 जुलाई 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में अपना घर खरीदने का सपना देख रहे तमाम लोगों के लिए अच्छी खबर है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने देवपुर पारा स्थित अटल नगर आवासीय योजना के 808 फ्लैटों का लॉटरी ड्रा के माध्यम से आवंटन कर दिया। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में 4,469 आवेदकों के बीच खुले मंच पर लकी ड्रॉ निकाला गया। इसमें आवेदकों से ही पर्चियां निकलवाई गईं।
एलडीए के अपर सचिव सीपी त्रिपाठी ने बताया कि अटल नगर योजना में वन और टू बीएचके के कुल 2,496 फ्लैट हैं। 30 से 54.95 वर्गमीटर क्षेत्रफल वाले इन फ्लैटों की शुरुआती कीमत मात्र 9.82 लाख रुपये रखी गई है। इससे यह योजना मध्यम और निम्न आय वर्ग के परिवारों के लिए बेहद किफायती साबित हो रही है।

उन्होंने बताया कि योजना में वन बीएचके के 135 और टू बीएचके के 673 फ्लैट शेष थे। इनके लिए 18 अप्रैल से 18 मई तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे। इस दौरान वन बीएचके के लिए 1,666 और टू बीएचके के लिए 2,803 आवेदन प्राप्त हुए।
एलडीए ने योजना में लिफ्ट, स्वच्छ पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पावर बैकअप, सुरक्षा व्यवस्था, ग्रीन एरिया, किड्स प्ले एरिया और पार्किंग जैसी आधुनिक सुविधाओं का भी प्रावधान किया है। लॉटरी प्रक्रिया का यूट्यूब पर लाइव प्रसारण भी किया गया।

सफल आवेदक नायरा ने कहा कि उन्होंने बड़ी उम्मीद से आवेदन किया था। नाम आने की खुशी शब्दों में बयां नहीं की जा सकती। वहीं कैलाश मिश्रा ने भी एलडीए की निष्पक्ष व्यवस्था की सराहना करते हुए प्राधिकरण का आभार जताया। इस आवंटन के साथ 808 परिवारों का अपने घर का सपना साकार हो गया।






