Sitapur City

सीतापुर को मिला नया सिंचाई भवन, स्वतंत्र देव सिंह बोले- कुलाबों को मजबूत करने पर सरकार का फोकस

करीब 3.54 करोड़ रुपये की लागत से बना जिले के सिंचाई विभाग का नया भवन, जलशक्ति व नगर विकास राज्य मंत्री रहे मौजूद, जिले की सिंचाई योजनाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए निर्देश

सीतापुर, 2 जुलाई 2026:

उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने गुरुवार को सीतापुर पहुंचकर सिंचाई विभाग के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। करीब 3 करोड़ 54 लाख रुपये की लागत से बने इस भवन का फीता काटकर उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत हवन-पूजन से हुई, जिसके बाद भवन को विभाग के लिए समर्पित किया गया।

लोकार्पण के बाद मंत्री ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण किया। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने की अपील की। कार्यक्रम के बाद स्वतंत्र देव सिंह ने विभागीय अधिकारियों के साथ जिले में चल रही सिंचाई परियोजनाओं और दूसरे विकास कार्यों की समीक्षा की।
sitapur-minister-swatantra-dev-singh-inaugurates-irrigation-department-building (2)

उन्होंने कहा कि सरकार किसानों तक बेहतर सिंचाई सुविधा पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। नहरों की सफाई का अभियान तेज किया गया है, जिससे खेतों तक पानी पहुंचने की व्यवस्था पहले से बेहतर हुई है। मंत्री ने कहा कि नहर नेटवर्क को मजबूत करने के बाद अब पूरे प्रदेश में कुलाबों को सुदृढ़ करने का विशेष अभियान शुरू किया जाएगा। इससे सिंचाई व्यवस्था और प्रभावी बनेगी, वहीं अंतिम छोर तक किसानों को पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में नगर विकास राज्य मंत्री राकेश राठौर गुरु ने कहा कि नवीन कार्यालय भवन निश्चित रूप से विभागीय कार्यों को अधिक सुव्यवस्थित, प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा किसानों एवं आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, विधायक सेवता ज्ञान तिवारी, विधायक मिश्रिख रामकृष्ण भार्गव उपस्थित रहे।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button