
प्रयागराज, 3 जुलाई 2026:
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने राम मंदिर चढ़ावा विवाद को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला। प्रयागराज के सर्किट हाउस में पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने अपना पूरा जीवन समाज और मंदिर के लिए समर्पित किया है। विपक्ष अपनी सियासी जमीन खिसकती देख उन पर बेबुनियाद आरोप लगा रहा है।

केशव मौर्य ने कहा कि चढ़ावा चोरी मामले में जिन लोगों की भूमिका सामने आई है, उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज हो चुका है। मामले की जांच चल रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास जनता के बीच उठाने के लिए कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए राम मंदिर को लेकर लगातार बयानबाजी की जा रही है।
2027 चुनाव पर अखिलेश यादव को घेरा
उपमुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के उस बयान पर भी पलटवार किया, जिसमें उन्होंने 2027 के चुनाव को लेकर सवाल उठाए थे। केशव मौर्य ने कहा कि विधानसभा चुनाव तय समय पर होंगे और भाजपा फिर भारी बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने दावा किया कि 2027 में जनता अखिलेश यादव को सैफई भेजने का काम करेगी।
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव लगातार ऐसे बयान दे रहे हैं, जिनका हकीकत से कोई संबंध नहीं है। भाजपा सरकार के कामकाज पर जनता का भरोसा कायम है और आने वाले चुनाव में भी इसका असर दिखाई देगा।
सभी 12 सीटें जीतने का दिया लक्ष्य
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केशव मौर्य ने प्रयागराज की सभी 12 विधानसभा सीटों पर जीत का लक्ष्य तय करने को कहा। उन्होंने कहा कि जब भाजपा पश्चिम बंगाल जैसे चुनौतीपूर्ण राज्य में मजबूती से चुनाव लड़ सकती है, तब उत्तर प्रदेश में पार्टी के लिए माहौल और भी बेहतर है।
सर्किट हाउस में उपमुख्यमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों की समस्याएं भी सुनीं। इस दौरान अवधेश चंद्र गुप्ता, संजय गुप्ता, निर्मला पासवान, डॉ वीके सिंह, दीपक पटेल, गुरु प्रसाद मौर्य, सुरेंद्र चौधरी, सुबोध सिंह, आशीष गुप्ता, आनंद सोनकर, पवन श्रीवास्तव, विवेक मिश्रा समेत कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद रहे। डिप्टी सीएम ने सर्किट हाउस में महर्षि भारद्वाज सुन्दरकाण्ड समिति के सदस्यों से भेंट कर उन्हें सम्मानित किया।






