Gorakhpur

जमीन के झगड़े में बहा खून, ट्रैक्टर पार्क करने की बात पर चाकू घोंपकर दुकानदार की हत्या

जमीन को लेकर दोनों पक्षों में लंबे समय से चल रहा था विवाद, मृतक ने कोर्ट से स्टे ऑर्डर भी लिया था, वारदात के कुछ देर बाद ही पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया, गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात

गोरखपुर, 9 जुलाई 2026:

गोरखपुर के गुलरिहा थाना क्षेत्र में बुधवार शाम जमीन विवाद ने एक कारोबारी की जान ले ली। ट्रैक्टर खड़ा करने को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हिंसक हो गई और पड़ोसी ने किराना दुकानदार अमरनाथ गुप्ता पर चाकू से हमला कर दिया। सीने में गंभीर चोट लगने से अमरनाथ की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है।

घटना टिकरिया गांव की है। 56 वर्षीय अमरनाथ गुप्ता गिरमिट चौराहा इलाके में रहकर लंबे समय से किराने की दुकान चलाते थे। पुलिस के मुताबिक उनका पड़ोसी पक्ष से काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि विवादित जमीन को लेकर मामला अदालत तक पहुंचा था और अमरनाथ ने कोर्ट से स्टे ऑर्डर भी ले रखा था।

बुधवार शाम करीब छह बजे अमरनाथ अपनी जमीन के सामने ट्रैक्टर खड़ा कर रहे थे। इसी बात को लेकर पड़ोसी पक्ष ने विरोध किया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच बहस तेज हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर अवधेश चौहान उर्फ गब्बर चौहान ने चाकू निकालकर अमरनाथ के सीने पर वार कर दिया।

ये भी पढ़ें:

हमले के बाद अमरनाथ मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तुरंत इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

Advertisement

वारदात की सूचना मिलते ही एसपी सिटी निमिष पाटिल और सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतक के बेटे शिवम से पूरी घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
gorakhpur-shopkeeper-amarnath-gupta-murder-case-gulriha (2)

पुलिस ने घटना के कुछ ही देर बाद आरोपी अवधेश चौहान उर्फ गब्बर चौहान को हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर पहले से विवाद चला आ रहा था। शुरुआती जांच में उसी विवाद की वजह से घटना होने की बात सामने आई है। आरोपी पुलिस की हिरासत में है और सभी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। किसी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस लगातार हालात पर नजर रखे हुए है।

READ MORE

ये भी पढ़ें  Gorakhpur Janata Darshan: योगी ने दिया भरोसा, कहा-धन की कमी से नहीं रुकेगा कोई काम

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link