Gorakhpur

गोरखपुर : लगातार बारिश से बढ़ी मुश्किलें, पुल का एप्रोच धंसा, कॉम्प्लेक्स में जलभराव से लाखों का नुकसान

लगातार हो रही बारिश से गोरखपुर में जनजीवन प्रभावित, बेलघाट के झिरझिरवा पुल पर आवागमन खतरे में, असुरन के राप्ती कॉम्प्लेक्स की दुकानों में घुसा पानी, व्यापारियों और ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की

गोरखपुर, 20 जुलाई 2026:

गोरखपुर में सोमवार को भी लगातार बारिश का सिलसिला जारी है। पिछले दो दिनों से हो रही तेज बारिश का असर अब शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक साफ दिखाई दे रहा है। एक तरफ बेलघाट क्षेत्र में झिरझिरवा पुल का एप्रोच धंसने से लोगों की आवाजाही पर खतरा मंडरा रहा है, वहीं शहर के असुरन स्थित राप्ती कॉम्प्लेक्स में जलभराव के कारण व्यापारियों को लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है।

झिरझिरवा पुल का एप्रोच धंसा, हादसे का खतरा

बेलघाट ब्लॉक के गायघाट मार्ग पर ग्राम पंचायत बभनौली के पास स्थित झिरझिरवा पुल का एप्रोच बारिश के कारण धंस गया है। इससे पुल पर वाहनों की आवाजाही जोखिम भरी हो गई है। रविवार को नाराज ग्रामीणों ने पुल पर प्रदर्शन करते हुए लोक निर्माण विभाग के खिलाफ नारेबाजी की और तत्काल मरम्मत की मांग उठाई।

ये भी पढ़ें:

ग्रामीणों का कहना है कि करीब 35 वर्ष पहले बने इस पुल का नियमित रखरखाव नहीं किया गया। बीच-बीच में एप्रोच की मरम्मत हुई, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। लगातार बारिश के चलते अब एप्रोच का बड़ा हिस्सा धंस चुका है।

बारिश में गड्ढे बने बड़ा खतरा

ग्रामीणों के अनुसार पुल के पास बने गहरे गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से उनकी गहराई दिखाई नहीं देती। इससे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालक अक्सर असंतुलित हो जाते हैं और दुर्घटना का खतरा बना रहता है। यह मार्ग बेलघाट, गायघाट समेत दर्जनों गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है, जहां से रोज हजारों लोग गुजरते हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द मरम्मत नहीं कराई गई तो बड़ा सड़क हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने आंदोलन तेज करने की भी बात कही है।

कई गांवों का संपर्क इसी मार्ग से

झिरझिरवा पुल के जरिए बभनौली, धुरियाडीह, फुलवरिया, ईनाई चक, सिसवनिया, दिलमनपुर ढाबिया, पांडेपुरा, भूलन चक और तीन पेडवा समेत कई गांव जुड़े हुए हैं। ऐसे में पुल की स्थिति खराब होने से बड़ी आबादी प्रभावित हो रही है।
gorakhpur-heavy-rain-jhirjhirwa-bridge-approach-collapses-rapti-complex-waterlogging (2)

राप्ती कॉम्प्लेक्स में जलभराव, व्यापारियों को लाखों का नुकसान

लगातार बारिश का असर शहर के असुरन स्थित राप्ती कॉम्प्लेक्स में भी देखने को मिला। शनिवार को कई दुकानों में पानी घुस गया, जिससे गारमेंट, कॉस्मेटिक और अन्य सामान भीगकर खराब हो गया। रविवार को भी व्यापारी पूरे दिन पानी निकालने, सफाई करने और खराब हुए सामान को अलग करने में जुटे रहे। व्यापारियों का कहना है कि सबसे ज्यादा नुकसान नए स्टॉक को हुआ है। बारिश के कारण ग्राहकों की आवाजाही भी काफी कम रही, जिससे कारोबार पर अतिरिक्त असर पड़ा। व्यापारियों ने बताया कि यदि बारिश इसी तरह जारी रही तो नुकसान और बढ़ सकता है। उनका कहना है कि हर वर्ष जलभराव की समस्या सामने आती है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया।

सोमवार को भी बारिश का दौर जारी, प्रशासन की बढ़ी चुनौती

सोमवार को भी गोरखपुर में बारिश जारी रहने से शहर और ग्रामीण इलाकों में जलभराव तथा सड़क सुरक्षा की समस्या बनी हुई है। जिला अस्पताल परिसर में पानी भरा रहा। नगर निगम पम्पिंग सेट लगाकर पानी भी निकलवा रहा है। इस बीच बारिश उसके प्रयासों पर पानी फेर रही है। झिरझिरवा पुल का धंसा एप्रोच और राप्ती कॉम्प्लेक्स में जलभराव इस बात का संकेत है कि लगातार बारिश के बीच संवेदनशील स्थानों पर त्वरित मरम्मत और बेहतर जलनिकासी व्यवस्था की जरूरत है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

ये भी पढ़ें  नारी शक्ति पर सियासी संग्राम : गोरखपुर में गरजे CM योगी, कहा... देख सपाई, बिटिया घबराई

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button