एमएम खान
मोहनलालगंज (लखनऊ), 1 अगस्त 2026:
मोहनलालगंज तहसील में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कई जिम्मेदार अधिकारियों के नदारद रहने से फरियादियों में नाराजगी देखने को मिली। जिले से नामित अधिकारियों की गैरमौजूदगी के बीच एसडीएम आकाश सिंह चौहान और तहसीलदार ऋतुराज शुक्ला ने लोगों की शिकायतें सुनीं। शिकायत लेकर पहुंचे लोगों का कहना था कि समाधान दिवस का मकसद तभी पूरा होगा, जब सभी विभागों के जिम्मेदार अधिकारी मौके पर मौजूद रहें।
कई विभागों के अफसर नहीं पहुंचे
फरियादियों के मुताबिक मोहनलालगंज एसीपी के अलावा निगोहां, नगराम, गोसाईगंज, सुशांत गोल्फ सिटी और बीबीडी थानों के प्रभारी भी शुरुआत में समाधान दिवस में नहीं पहुंचे। कई अन्य विभागों के अधिकारी भी नदारद रहे। मोहनलालगंज थाने से केवल एक दरोगा मौजूद था। बाद में व्हाट्सएप पर सूचना मिलने के बाद करीब 11 बजे एसीपी राजेश कुमार सिंह तहसील पहुंचे और शिकायतें सुनीं।
खाद को लेकर किसानों ने जताई नाराजगी
अधिकारियों की गैरहाजिरी के बीच किसानों ने खाद की किल्लत का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया। अधिकारियों ने सर्वर खराब होने की बात कही तो किसान नाराज हो गए। उनका कहना था कि अगर समय पर खाद नहीं मिली तो फसल खराब हो जाएगी, बाद में खाद मिलने का कोई फायदा नहीं रहेगा। इस पर एसडीएम ने जल्द खाद उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।

जमीन पर कब्जे की शिकायत लेकर भावुक हुआ अधिवक्ता
ग्राम गौरा निवासी अधिवक्ता विनय कुमार शुक्ला ने शिकायत करते हुए कहा कि उनकी कृषि भूमि पर अवैध कब्जा कर प्लाटिंग कर दी गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक निजी कंपनी के पार्टनर ने उनकी जानकारी के बिना जमीन पर कब्जा कर आवासीय प्लॉट काट दिए। उनका यह भी कहना है कि ग्रामसभा की सुरक्षित वन विभाग की जमीन पर भी अवैध प्लाटिंग की गई है। कई बार शिकायत देने के बावजूद कार्रवाई न होने की बात कहते हुए अधिवक्ता एसडीएम और एडीएम न्यायिक के सामने भावुक हो गए और अवैध कब्जा हटाने की मांग की।
सरकारी चक रोड पर कब्जे का भी आरोप
हिलगी सुल्सामऊ निवासी विनोद कुमार ने शिकायत में आरोप लगाया कि सूर्य प्रसाद ने सरकारी चक रोड पर मिट्टी डालकर कब्जा कर लिया है। उनका कहना था कि शिकायत के बाद भी लेखपाल और संबंधित कर्मचारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की। इस पर एसडीएम ने जांच कर अवैध कब्जा हटाने और सरकारी जमीन खाली कराने के निर्देश दिए।
अन्य मामलों को भी सुनकर दिए निर्देश
समाधान दिवस में पहुंचे दूसरे फरियादियों की शिकायतों पर भी एसडीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को जांच कर जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही लोगों को भरोसा दिलाया कि सभी मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।






