UP विधानसभा का मानसून सत्र कल से, विपक्ष हमलावर, CM योगी की अपील- जनहित पर हो सार्थक बहस
सर्वदलीय बैठक में सत्ता-विपक्ष आमने-सामने की रणनीति, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने भी सुचारु संचालन के लिए मांगा सभी दलों का सहयोग

लखनऊ, 2 अगस्त 2026:
यूपी विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार से शुरू होगा। सत्र को लेकर विपक्ष जहां सरकार को विभिन्न जनहित और समसामयिक मुद्दों पर घेरने की तैयारी में है वहीं सरकार ने सदन में स्वस्थ और सार्थक चर्चा का आह्वान किया है। सत्र से एक दिन पहले रविवार को विधानभवन में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। इसमें सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं ने हिस्सा लिया।
बैठक में सीएम योगी आदित्यनाथ ने सभी दलों के सदस्यों से अपील करते हुए कहा कि जनता से जुड़े हर मुद्दे को गंभीरता से सदन में उठाया जाए। उन्होंने कहा कि स्वस्थ चर्चा लोकतंत्र की ताकत है और इससे प्रदेश के विकास को गति मिलने के साथ-साथ आमजन की समस्याओं का समाधान भी संभव होता है। मुख्यमंत्री ने विपक्ष से सदन की कार्यवाही को सुचारु रूप से चलाने में सहयोग देने और किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न होने देने का आग्रह किया।
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने भी सभी दलों से सहयोग की अपेक्षा जताते हुए कहा कि सदन की गरिमा बनाए रखना सभी जनप्रतिनिधियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। अब सबकी निगाहें सोमवार से शुरू हो रहे मानसून सत्र पर टिकी हैं जहां सत्ता और विपक्ष के बीच बहस देखने को मिल सकती है।

सर्वदलीय बैठक में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय, निषाद पार्टी के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद, सुभासपा अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर, कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा, अपना दल (एस) के आरके पटेल, राष्ट्रीय लोकदल के राजपाल बालियान, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भैया’, निषाद पार्टी के नेता रमेश सिंह सहित विभिन्न दलों के प्रमुख नेता मौजूद रहे।






