Uttarakhand

धामी ने दी करोड़ों की मंजूरी, मंदिर, सड़क, सुरक्षा समेत कई विकास योजनाओं पर लगी मुहर

यमकेश्वर, डीडीहाट, पिथौरागढ़, चम्पावत, टिहरी, अल्मोड़ा समेत कई इलाकों की योजनाओं को मिली वित्तीय स्वीकृति, मंदिरों के सौंदर्यीकरण पर बड़ा फोकस, सड़क, सुरक्षा दीवार, प्रेस क्लब के लिए भी मंजूर हुई रकम

देहरादून, 4 अगस्त 2026:

उत्तराखंड में धार्मिक स्थलों के विकास, सड़क निर्माण और दूसरी स्थानीय योजनाओं को रफ्तार देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने करीब 5 करोड़ रुपये की पहली किस्त और आर्थिक सहायता से जुड़ी कई वित्तीय स्वीकृतियों पर मुहर लगा दी है। इन फैसलों में सबसे ज्यादा फोकस मंदिरों के सौंदर्यीकरण पर रहा है। साथ ही सड़क निर्माण, सुरक्षा कार्य और खेल सामग्री खरीद के लिए भी बजट मंजूर किया गया है।

यमकेश्वर के दो मंदिरों का होगा सौंदर्यीकरण

पौड़ी जिले के यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र में द्वारीखाल ब्लॉक के कठुड़ बड़ा, देवीखाल स्थित मां बाल कुंवारी माता मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 72.67 लाख रुपये की परियोजना में पहली किस्त के तौर पर 43.60 लाख रुपये जारी करने की मंजूरी दी गई है।
इसी विधानसभा क्षेत्र के दुगड्डा ब्लॉक में महाबगढ़ मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 1.69 करोड़ रुपये की परियोजना स्वीकृत की गई है। इसमें पहली किस्त के रूप में 1.02 करोड़ रुपये जारी किए जाएंगे।

ये भी पढ़ें:

पिथौरागढ़ के मंदिरों पर भी रहेगा फोकस

डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र में हरिचंद देवता मंदिर को मास्टर प्लान के तहत विकसित करने के लिए 1.42 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। इसके तहत पहली किस्त के रूप में 85.08 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के मिलम गांव में नंदा देवी मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 90.16 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इसमें पहली किस्त के तौर पर 54.09 लाख रुपये जारी होंगे। डीडीहाट के मोस्टामानू मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए पहले से स्वीकृत परियोजना की बची हुई 39.31 लाख रुपये की रकम जारी करने को भी मंजूरी मिल गई है।

अल्मोड़ा के गुरु गोरखनाथ मंदिर को भी मिलेगा नया स्वरूप

अल्मोड़ा जिले की सल्ट विधानसभा के कलझीपा जोशी में स्थित गुरु गोरखनाथ मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 99.61 लाख रुपये की परियोजना स्वीकृत की गई है। इसमें पहली किस्त के तौर पर 59.76 लाख रुपये जारी किए जाएंगे।

सड़क निर्माण और सुरक्षा कार्यों को भी मिली रफ्तार

चम्पावत विधानसभा क्षेत्र में तामली से रूपालीगाड़ होते हुए सीम तक मोटर मार्ग के निर्माण के लिए 79.44 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है। पहली किस्त के रूप में 47.66 लाख रुपये जारी होंगे। टिहरी जिले की नई टिहरी विधानसभा के सिलकोट ग्राम पंचायत में जंगली जानवरों से बचाव के लिए घेरबाड़, जाल, सुरक्षा दीवार और नाकिल नामे से कुएं तक सीसी रेलिंग मार्ग बनाने के लिए 93.85 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस योजना के लिए पहली किस्त के रूप में 56.31 लाख रुपये जारी किए जाएंगे।

उत्तरांचल प्रेस क्लब को भी मिली आर्थिक मदद

देहरादून की रायपुर विधानसभा क्षेत्र स्थित उत्तरांचल प्रेस क्लब को खेल सामग्री खरीदने के लिए 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है। सरकार का कहना है कि इससे क्लब में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

ये भी पढ़ें  संवासिनी की मौत के बाद मंत्री रेखा आर्या सख्त... नारी निकेतन में तैनात होंगे मनोचिकित्सक

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button