Lucknow CityUttar Pradesh

Kanwar Yatra : शिवभक्तों पर आज बरसेंगे फूल, कांवड़ मार्ग का हवाई सर्वे करेंगे CM Yogi

हिंडन से मेरठ तक हेलिकॉप्टर से कांवड़ यात्रा की निगरानी, दुल्हैड़ा पुलिस चौकी के पास मंच से कांवड़ियों पर होगी पुष्पवर्षा, सुरक्षा से लेकर चिकित्सा-पेयजल तक पुख्ता इंतजाम

लखनऊ/मेरठ, 8 अगस्त 2026:

सावन के पावन महीने में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की धरती आज शिवभक्ति के रंग में और सराबोर होगी। सीएम योगी आदित्यनाथ मेरठ में कांवड़ यात्रा में शामिल शिवभक्तों का पुष्पवर्षा कर स्वागत करेंगे। मुख्यमंत्री का यह दौरा करोड़ों शिवभक्तों की आस्था, श्रद्धा और सम्मान के साथ-साथ कांवड़ यात्रा को लेकर प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता का संदेश देगा। इस दौरान सीएम कांवड़ मार्ग का हवाई सर्वेक्षण कर सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का भी जायजा लेंगे।

जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री हिंडन एयरपोर्ट से हेलिकॉप्टर के जरिए मेरठ पहुंचेंगे। हिंडन से मेरठ तक पूरे कांवड़ मार्ग का हवाई सर्वेक्षण करते हुए वह श्रद्धालुओं की आवाजाही, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद मोदीपुरम क्षेत्र में दुल्हैड़ा पुलिस चौकी के निकट बनाए गए मंच से मुख्यमंत्री शिवभक्त कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा करेंगे।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर मेरठ पुलिस प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। कार्यक्रम स्थल पर मंच, बैरिकेडिंग और सुरक्षा घेरा तैयार है। मुख्यमंत्री के हेलिकॉप्टर के लिए शोभित विश्वविद्यालय परिसर में हेलिपैड बनाया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर एलआईयू, एंटी-सबोटाज टीम और बम निरोधक दस्ता लगातार कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों की जांच कर रहे हैं। कांवड़ मार्ग पर भी अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है।

ये भी पढ़ें:

Kanwar Yatra CM Yogi Adityanath's Aerial Survey Insights (1)

मुख्यमंत्री के दौरे से पहले एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर, डीआईजी कलानिधि नैथानी, डीएम डॉ. वीके सिंह, सीडीओ नूपुर गोयल और एसएसपी अविनाश पांडेय ने कार्यक्रम स्थल, हेलिपैड और कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। एसपी सिटी ने ड्रोन कैमरे के जरिए मोदीपुरम से रुड़की रोड तक कांवड़ मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही, यातायात संचालन और सुरक्षा प्रबंधन की निगरानी भी की।

कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को प्रशासन ने सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। मार्ग पर चिकित्सा शिविर, पेयजल, विश्राम स्थल और स्वच्छता की व्यापक व्यवस्था की गई है। प्रशासन लगातार यह सुनिश्चित कर रहा है कि हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे शिवभक्तों को यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इस समय कांवड़ यात्रा चरम पर है। प्रतिदिन लाखों शिवभक्त हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। ऐसे में सीएम योगी द्वारा कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा को शिवभक्तों के सम्मान, आस्था के प्रति संवेदनशीलता और कांवड़ यात्रा के सुचारु एवं सुरक्षित संचालन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता के रूप में देखा जा रहा है।

ये भी पढ़ें  लखनऊ में बिजली संकट गहराया... रात में सड़कों पर उतरे लोग, उपकेंद्र घेरा व जाम लगाया

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button