Gorakhpur

रंजिश में बदला: बांके से हमले में जान बची तो ऑटो रोककर घायल ठेकेदार को तलवार से काट डाला

गोरखपुर के सिकरीगंज इलाके में बिजली विभाग के ठेकेदार की हत्या, पहले ब्रह्मभोज में बांके से किया हमला, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दोबारा घेरा, पुलिस के मुताबिक 2024 की हत्या का बदला लेने की आशंका, अधिवक्ता बेटे ने दर्ज कराया केस, तीन आरोपियों व सात संदिग्ध हिरासत में

गोरखपुर, 9 अगस्त 2026:

गोरखपुर के सिकरीगंज क्षेत्र के अहिरौली गांव में बिजली विभाग के ठेकेदार शिवकुमार त्रिपाठी की हत्या कर दी गई। आरोप है कि गांव के ही दो सगे भाइयों ने पहले ब्रह्मभोज के दौरान उन पर बांके से हमला किया। घायल होने के बाद जब ग्रामीण उन्हें ऑटो से अस्पताल ले जा रहे थे, तब रास्ते में ऑटो रुकवाकर उन्हें बाहर खींच लिया गया। करीब 200 मीटर दूर ले जाकर तलवार से हमला कर उनकी जान ले ली गई। पुलिस ने दस लोगों को हिरासत में लिया है।

गांव में ब्रह्मभोज में शामिल होने पहुंचे थे

अहिरौली निवासी शिवकुमार त्रिपाठी बिजली विभाग में ठेकेदारी का काम करते थे। उनका परिवार गांव के साथ गोरखपुर शहर में भी रहता है। उनके बेटे आदित्य त्रिपाठी सिविल कोर्ट में अधिवक्ता हैं। शनिवार की शाम शिवकुमार गांव में छेदी चौधरी के ब्रह्मभोज में शामिल होने गए थे। ग्रामीणों के मुताबिक वह अन्य लोगों के साथ बैठकर भोजन कर रहे थे, तभी राहुल चौधरी ने पीछे से बांके से हमला कर दिया।

ये भी पढ़ें:

अस्पताल ले जाते समय दोबारा घेर लिया

हमले में गंभीर रूप से घायल शिवकुमार को ग्रामीण तुरंत ऑटो से अस्पताल लेकर निकल पड़े। आरोप है कि रास्ते में स्कूल के पास राहुल चौधरी अपने भाई रोहित के साथ पहुंचा। दोनों ने ऑटो रुकवाया। ग्रामीणों ने रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी शिवकुमार को ऑटो से बाहर खींच ले गए। इसके बाद उन्हें करीब 200 मीटर दूर ले जाकर तलवार व चाकू से कई जानलेवा वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

2024 की हत्या से जुड़ी रंजिश की आशंका

प्रारंभिक जांच में पुलिस के सामने पुरानी रंजिश का मामला आया है। ग्रामीणों के अनुसार वर्ष 2024 में राहुल चौधरी के चचेरे भाई आदेश चौधरी की हत्या हुई थी। उस मामले में शिवकुमार त्रिपाठी के परिवार के कुछ लोगों को आरोपी बनाया गया था। माना जा रहा है कि उसी घटना का बदला लेने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया गया। शिवकुमार इस समय जमानत पर बाहर था।
gorakhpur-news-electricity-contractor-shivkumar-tripathi-murdered-sikiriganj (2)

पुलिस कर रही जांच, दस लोग हिरासत में

सिकरीगंज थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। परिजनों की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। तीन आरोपियों के साथ सात संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया है। शाम को सड़क पर हुई हत्या की इस घटना से अधिवक्ता समुदाय में आक्रोश व्याप्त है।

ये भी पढ़ें  फतेहपुर में मंदिर-मकबरा विवाद : ईदगाह परिसर में भगवा झंडा लगाने से बवाल, दोनों समुदायों में पथराव

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button