
एंटरटेनमेंट डेस्क, 13 अगस्त 2026:
अगर आप स्वतंत्रता दिवस की छुट्टी घर पर बिताने का प्लान बना रहे हैं, तो इस बार OTT प्लेटफॉर्म्स पर एंटरटेनमेंट की लंबी लिस्ट तैयार है। 14 अगस्त से लेकर 16 अगस्त तक Netflix, Prime Video, Zee5, Lionsgate Play और JioHotstar पर कई नई फिल्में, वेब सीरीज और रियलिटी शो रिलीज हो रहे हैं। फैमिली ड्रामा, थ्रिलर, हॉरर से लेकर रियलिटी एंटरटेनमेंट तक हर तरह का कंटेंट दर्शकों को देखने को मिलेगा।
Netflix पर आएंगी दो बड़ी रिलीज
शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना स्टारर Cocktail 2 14 अगस्त से Netflix पर स्ट्रीम होगी। फिल्म जून में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और अब डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दस्तक देने जा रही है। इसी प्लेटफॉर्म पर 13 अगस्त से वेब सीरीज My Brilliant Career भी उपलब्ध होगी। माइल्स फ्रैंकलिन के उपन्यास पर बनी इस सीरीज में एक ऐसी युवती की कहानी दिखाई गई है, जो लेखिका बनने का सपना देखती है, लेकिन परिवार उसकी शादी करवाना चाहता है।
Zee5 पर रिलीज होगी कंगना की फिल्म
कंगना रनौत की फिल्म भारत भाग्य विधाता भी इस वीकेंड OTT पर आ रही है। जून में थिएटर रिलीज के बाद अब यह 14 अगस्त से Zee5 पर स्ट्रीम होगी। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर इसे फैमिली के साथ देखा जा सकता है।

Prime Video पर थ्रिलर, हॉरर और रियलिटी शो
करण जौहर का रियलिटी शो The Traitors Season 2 13 अगस्त से Prime Video पर स्ट्रीम हो चुका है। नए सीजन में मल्लिका शेरावत, रिया चक्रवर्ती, मुनव्वर फारुकी, क्रिस्टल डिसूजा समेत 21 सेलिब्रिटी हिस्सा ले रहे हैं। अगर हॉरर पसंद है तो मलयालम फिल्म अरूपी भी 14 अगस्त से Prime Video पर उपलब्ध होगी। फिल्म हिंदी, मलयालम और तमिल भाषा में देखी जा सकेगी।
Lionsgate Play पर आएगी ‘आखिरी सवाल’
संजय दत्त और नमाशी चक्रवर्ती की फिल्म आखिरी सवाल 14 अगस्त से Lionsgate Play पर स्ट्रीम होगी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पृष्ठभूमि पर बनी यह फिल्म मई में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।

JioHotstar पर डिजिटल Bigg Boss
तमिल रियलिटी शो का डिजिटल स्पिन-ऑफ Bigg Boss: The Common Man 16 अगस्त से JioHotstar पर रिलीज होगा। इस शो में आम लोगों को कंटेस्टेंट बनने का मौका मिलेगा। विजेता को विजय सेतुपति के होस्ट किए जाने वाले Bigg Boss Tamil Season 10 में हिस्सा लेने का अवसर मिलेगा।






