
प्रमोद कुमार
मलिहाबाद (लखनऊ), 14 अगस्त 2026:
मलिहाबाद का नाम दुनिया भर में आम के लिए जाना जाता है, अब यहां के एक किसान ने ऐसी नई वैरायटी तैयार की है जो स्वाद के साथ देशभक्ति का संदेश भी देती है। मुजासा गांव के नर्सरी संचालक जुबैर अहमद ने आम की नई किस्म तैयार की है, जिसका नाम ’15 अगस्त Mango’ रखा गया है। यह वैरायटी स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों की याद को समर्पित है।
पांच साल की मेहनत के बाद मिली कामयाबी
जुबैर अहमद ने बताया कि इस वैरायटी को तैयार करने में करीब पांच साल लगे। उनका कहना है कि नई पीढ़ी तक शहीदों के बलिदान की याद अलग तरीके से पहुंचे, इसी सोच के साथ इस आम को विकसित किया गया। पिछले साल उन्होंने 100 पौधों की कलमें तैयार की थीं, जबकि इस बार 1000 कलमें तैयार की गईं। खास बात यह रही कि सभी कलमें महज एक सप्ताह के भीतर बिक गईं।
रंग बदलता है, वजन भी खास, माह अगस्त के मध्य तैयार होता है आम
’15 अगस्त Mango’ की कई ऐसी खूबियां हैं जो इसे दूसरी किस्मों से अलग बनाती हैं। एक फल का वजन करीब 800 ग्राम तक पहुंच जाता है। शुरुआत में इसका रंग हरा रहता है, फिर पकने के दौरान सुर्ख होने लगता है और पूरी तरह पकने पर लाल रंग का दिखाई देता है। पकने के बाद भी फल जल्दी नरम नहीं पड़ता, जबकि इसका स्वाद भी दूसरी किस्मों से अलग बताया जा रहा है। यह आम अगस्त के मध्य, यानी 15 अगस्त के आसपास तैयार होता है।
दूसरे राज्यों से भी पहुंच रहे खरीदार
जुबैर के मुताबिक इस नई वैरायटी की मांग लगातार बढ़ रही है। उत्तर प्रदेश के अलावा दूसरे राज्यों से भी लोग पौधे लेने पहुंच रहे हैं। फिलहाल सभी पौधे बिक चुके हैं। अगले महीने नई कलमें तैयार होने के बाद फिर से पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे। जल्द ही ऑनलाइन डिलीवरी शुरू करने की तैयारी भी की जा रही है।
मलिहाबाद में नई किस्मों पर लगातार काम
विश्व प्रसिद्ध Mango Belt मलिहाबाद में हर साल नई किस्मों पर काम किया जाता है। स्थानीय उत्पादक अलग-अलग स्वाद, आकार और रंग वाले आम विकसित करने की कोशिश करते हैं। ’15 अगस्त Mango’ भी इसी कड़ी की नई पहल है, जिसके अगले सीजन में ज्यादा संख्या में उपलब्ध होने की उम्मीद है।






