Gorakhpur

हनीमून में पीरियड आने पर बिफरा पति, पत्नी को पीटा, होटल से ससुराल लौटने के बाद भेजा मायके

गोरखपुर के रामगढ़ताल क्षेत्र की रहने वाली युवती ने पति निखिल मिश्रा समेत सास व ननद पर दर्ज कराई FIR, शादी में 40 लाख रुपये का सामान देने का दावा, अंडमान निकोबार में हनीमून के दौरान तबीयत बिगड़ने पर पति के हिंसक होने का आरोप, मायके आकर पुलिस से लगाई गुहार

गोरखपुर, 16 अगस्त 2026:

यूपी के गोरखपुर जिले में रामगढ़ताल क्षेत्र की रहने वाली एक युवती को उसके पति ने सिर्फ इस बात के लिए ससुराल से धक्का देकर निकाल दिया क्योंकि उसे हनीमून के दौरान पीरियड आ गया। होटल में दर्द के कारण उसकी तबियत खराब हुई तो उसके पति का पारा चढ़ गया। पहले पत्नी को जमकर पीटा फिर ससुराल वापस आकर उसे जबरन मायके भेज दिया। अब युवती ने पति निखिल मिश्रा, सास संजू मिश्रा व ननद नेहा पाण्डेय के खिलाफ अमानवीय व्यवहार के साथ दहेज उत्पीड़न, मारपीट समेत गंभीर आरोप लगाते हुए FIR दर्ज कराई है।

शादी में 40 लाख रुपये देने का दावा फिर भी मिले कम दहेज के ताने

युवती के मुताबिक उसकी शादी दिल्ली के गाजीपुर इलाके में निखिल मिश्रा के साथ हुई थी। शादी से पहले गोरखपुर में वरीक्षा व गोदभराई का कार्यक्रम हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान वर पक्ष ने मायके वालों से महंगे व ब्रांडेड सामान देने की मांग रखी थी। शादी में उसके माता-पिता ने 20 लाख रुपये नकद, Hyundai Venue कार, सोने के जेवरात व घर गृहस्थी का सामान दिया था। उसके मुताबिक इन सभी चीजों की कुल कीमत करीब 40 लाख रुपये थी। ससुराल पहुंचने के दो-चार दिन बाद ही पति, सास व ननद उसे मानसिक रूप से परेशान करने लगे। उसे बताया जाता था कि मायके वालों ने परिवार की हैसियत के मुताबिक सामान नहीं दिया है। महिला का कहना है कि उसने शादी बचाने के लिए काफी समय तक यह सब सहन किया।

ये भी पढ़ें:

हनीमून पर पीरियड आने से नाराज हुआ पति

युवती का कहना है कि वो पति निखिल मिश्रा के साथ अंडमान निकोबार हनीमून पर गई थी। इसी दौरान उसे पीरियड आया। होटल के रूम में पेट में तेज दर्द होने के साथ उसे काफी ब्लीडिंग होने लगी। दर्द से परेशान होकर वह रोने लगी तो पति भड़क गया। निखिल मिश्रा ने लात-घूंसों व थप्पड़ों से मारपीट की। आरोप है कि उसने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

होटल कर्मचारी के दरवाजा खटखटाने से बची जान

उसी दौरान होटल के कर्मचारी ने कमरे का दरवाजा खटखटाया। कर्मचारी की दस्तक के बाद पति ने उसे छोड़ दिया। महिला का आरोप है कि इसके बाद निखिल ने उसके पिता को फोन कर गाली-गलौज की व दिल्ली पहुंचने पर बेटी को अपने घर से ले जाने के लिए कहा।

दिल्ली लौटने पर ससुराल में रखने से इनकार

महिला के मुताबिक दिल्ली लौटने के बाद उसने सास को हनीमून के दौरान हुई घटना के बारे में बताया। आरोप है कि सास ने साफ कह दिया कि वह उसे किसी कीमत पर घर में नहीं रहने देंगी। इसके बाद युवती के पिता दिल्ली स्थित ससुराल पहुंचे। महिला का कहना है कि पिता ने काफी अनुरोध किया, लेकिन ससुराल वाले उसे रखने को तैयार नहीं हुए।

जेवर हड़पने का भी लगाया आरोप

महिला ने आरोप लगाया कि मायके लौटने की तैयारी के दौरान उसने अपने जेवरात व कपड़े समेटने शुरू किए। इसी दौरान पति व सास कमरे में आए। दोनों ने उसका सामान व जेवरात जबरन अपने कब्जे में ले लिए। उसे अपमानित करते हुए घर से जाने को कहा गया। इसके बाद वो गोरखपुर स्थित मायके लौट आई। मायके लौटने के बाद भी उसका पति चैटिंग के जरिए उसे गालियां देता रहा। अब रामगढ़ताल पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति निखिल मिश्रा, सास संजू मिश्रा व ननद नेहा पाण्डेय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

ये भी पढ़ें  गुरु पूर्णिमा पर गुरु गोरखनाथ की आराधना में लीन होंगे योगी, गोरखनाथ मंदिर में श्रद्धा, भक्ति व परंपरा का दिव्य संगम

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button