
प्रयागराज, 17 अगस्त 2026:
यूपी में काशी स्थित काशी में बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करने निकले तीन कांवड़ियों की सड़क हादसे में मौत हो गई। सरायइनायत थाना क्षेत्र के सरपतीपुर में सरस्वती द्वार के पास रॉन्ग साइड से आ रहे आरओ वाटर सप्लाई वाले तीन पहिया वाहन की बाइक से सीधी टक्कर हो गई। हादसे में एक कांवड़िए की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो ने इलाज के लिए ले जाते समय दम तोड़ दिया।
एक बाइक से निकले थे तीनों
थरवई इलाके के रामपुर दुआरी गांव निवासी अशोक कुमार 32, लल्लू 50 और शिव प्रकाश 20 रविवार की रात बुलेट बाइक से काशी के लिए निकले थे। तीनों को बाबा विश्वनाथ धाम पहुंचकर जलाभिषेक करना था। रात करीब साढ़े नौ बजे उनकी बाइक सरपतीपुर स्थित सरस्वती द्वार के पास पहुंची थी, तभी सामने से रॉन्ग साइड में आ रहे तीन पहिया वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद तीनों छिटक कर दूर गिरे
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार तीनों कांवड़िए गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं मालवाहक वाहन पलट गया।सूचना पर पहुंची सरायइनायत पुलिस ने घायलों को सीएचसी बनी पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने एक कांवड़िए को मृत घोषित कर दिया। हालत गंभीर होने पर दो अन्य को स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल रेफर किया गया।
SRN अस्पताल पहुंचते ही दोनों की मौत
दोनों घायल कांवड़ियों को परिजन इलाज के लिए स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें भी मृत घोषित कर दिया। तीनों की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवारों में मातम छा गया। परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे। हादसे के बाद तीन पहिया वाहन चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है। चालक की तलाश की जा रही है।






