Lucknow CityPoliticsUttar Pradesh

राजभर का अखिलेश पर तंज: ‘आपकी पार्टी में आपसे बड़े एक्टर भी हैं’, राजीव राय के बहाने साधा सपा पर निशाना

पानी की टंकी पर चढ़े युवक के मामले को लेकर सपा सांसद राजीव राय पर बरसे मंत्री ओमप्रकाश राजभर, बोले- सोशल मीडिया पर एक्टिंग में सांसद जी ने अखिलेश यादव को भी पीछे छोड़ा

लखनऊ, 17 अगस्त 2026:

यूपी की योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री एवं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी और उसके मुखिया अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। राजभर ने इस बार सपा सांसद राजीव राय के बहाने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए सोशल मीडिया पर जमकर तंज कसा है।

राजभर ने सोमवार को अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट कर लिखा- ‘मित्र अखिलेश जी, मुझे कल ये पता चला कि आपकी पार्टी में आपसे बड़े एक्टर भी हैं।’ उन्होंने आगे सपा सांसद राजीव राय से जुड़े एक मामले का जिक्र करते हुए इसे ‘लाइट, कैमरा, एक्शन’ की जगह ‘सोशल मीडिया पोस्ट-पोस्ट-पोस्ट’ वाला मामला करार दिया।

राजभर के मुताबिक सांसद राजीव राय का एक समर्थक उनकी मांग पर पानी की टंकी पर चढ़ गया और वहीं से सड़क बनवाने की मांग को सोशल मीडिया के जरिए उठाया। इसके बाद सांसद ने मांग पूरी कराने का भरोसा दिया और युवक टंकी से नीचे उतर आया। इसी घटनाक्रम को लेकर राजभर ने सपा पर राजनीतिक ड्रामेबाजी का आरोप लगाया।

सुभासपा प्रमुख ने अपने पोस्ट में फिल्म ‘शोले’ के पानी की टंकी वाले चर्चित दृश्य का भी जिक्र किया और तंज कसते हुए कहा कि सपा नेता की एक्टिंग के आगे शोले का टंकी वाला सीन भी फेल है। उन्होंने अखिलेश यादव की सोशल मीडिया सक्रियता का उल्लेख करते हुए कहा कि वह खुद सोशल मीडिया पर सक्रिय रहते हैं और उन्हें अपने सांसद की यह पोस्ट जरूर दिखाई दी होगी।

rajbhar-ka-akhilesh-par-tanj-rajeev-rai-ke-bahane-sapa-par-nishana (2)

राजभर यहीं नहीं रुके। उन्होंने अखिलेश यादव के ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की राजनीति पर भी निशाना साधते हुए कहा कि अखिलेश के मुकाबले राजीव राय ने सोशल मीडिया पर एक्टिंग का ऐसा प्रदर्शन किया कि वे भी पीछे छूट गए।

पोस्ट के आखिर में राजभर ने व्यंग्य करते हुए लिखा कि अगर सोशल मीडिया पर एक्टिंग का कोई अवॉर्ड होता तो सांसद राजीव राय को हराना किसी के लिए आसान नहीं होता। उन्होंने यह भी तंज कसा कि उम्मीद है, विक्रमादित्य मार्ग पर जल्द ही ‘ड्रामा स्कूल’ खुलने वाला है। राजभर के इस बयान ने यूपी की सियासत में सपा बनाम सुभासपा की जुबानी जंग को एक बार फिर गरमा दिया है।

ये भी पढ़ें  बेटे को दर्द में देखा न गया... मां ने दी किडनी, बीएचयू में हुआ सफल प्रत्यारोपण

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button