
अनिल निषाद
अयोध्या, 23 अगस्त 2026ः
यूपी के सरकारी स्कूलों में बच्चों के लिए भोजन तैयार करने वाले रसोइयों का रविवार को अयोध्या में सम्मान हुआ। सर्किट हाउस में पीएम पोषण योजना के रसोइयों का सम्मान समारोह एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस दौरान उन्हें चेक व कैशलेस चिकित्सा कार्ड भी बांटे गए। कार्यक्रम में बताया गया कि सीएम योगी द्वारा रसोइयों का मानदेय दो हजार से बढ़ाकर तीन हजार कर दिया गया है। इसका लाभ अयोध्या जिले के 4,711 रसोइयों को मिलेगा।

वक्ताओं ने कहा कि कक्षा एक से आठ तक के बच्चों को गर्म-पका और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वर्ष 2004 में मिड-डे मील योजना की शुरुआत की गई थी। इसके बाद वर्ष 2007 से उच्च प्राथमिक विद्यालयों को भी योजना में शामिल किया गया। वर्तमान में यही योजना पीएम पोषण योजना के रूप में संचालित की जा रही है। कहा कि पीएम पोषण योजना का उद्देश्य सिर्फ बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना नहीं है, बल्कि विद्यालयों में सामाजिक समरसता, एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करना भी है। सभी वर्गों के बच्चे एक साथ भोजन करते हैं, जिससे सामाजिक सौहार्द और आपसी सहयोग की भावना को बढ़ावा मिलता है।
सम्मान समारोह और कैशलेस चिकित्सा कार्ड मिलने के साथ मानदेय में वृद्धि की जानकारी मिलने पर रसोइयों में खासा उत्साह नजर आया। कार्यक्रम के दौरान रसोइयों ने सरकार की इस पहल की सराहना की। समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह के प्रतिनिधि आलोक सिंह, महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी, भाजपा जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव, सीडीओ कृष्ण कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी लालचंद्र सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।






