Uttarakhand

वंदे मातरम् पर सियासत, BJP-Congress में बयानबाजी तेज, महेंद्र भट्ट की हरीश रावत को नसीहत

उत्तराखंड के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने मीडिया से बातचीत में साधा निशाना, बोले- इसके इतिहास को लोगों तक पहुंचाने के लिए चलाया जाएगा जनजागरण अभियान, दिल्ली में हुई भाजपा राष्ट्रीय कार्यसमिति के राजनीतिक प्रस्ताव का किया उल्लेख

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 24 अगस्त 2026ः

वंदे मातरम् को लेकर घमासान मचा हुआ है। इसको लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस के रुख को विभाजनकारी राजनीति से प्रेरित बताते हुए कहा कि राष्ट्रगीत के सम्मान और उसके गायन के संवैधानिक अधिकार से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रगीत के इतिहास, अर्थ और स्वतंत्रता आंदोलन में उसकी भूमिका को जन-जन, विशेषकर युवाओं तक पहुंचाने के लिए व्यापक जनजागरण अभियान चलाएगी।

‘कांग्रेस पर भ्रम पैदा करने का लगाया आरोप’

ये भी पढ़ें:

भाजपा प्रदेश मुख्यालय में सोमवार को मीडिया से बातचीत में महेंद्र भट्ट ने दिल्ली में हुई भाजपा राष्ट्रीय कार्यसमिति के राजनीतिक प्रस्ताव का उल्लेख करते हुए कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल गीत नहीं, बल्कि भारत माता के प्रति श्रद्धा, स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरणा और राष्ट्रीय चेतना का अमर प्रतीक है। उन्होंने कांग्रेस कार्यसमिति द्वारा 1937 के निर्णय को दोबारा स्वीकार करने और राष्ट्रगीत के सीमित अंशों के गायन के निर्णय की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ऐतिहासिक तथ्यों और राष्ट्रगीत की गौरवशाली विरासत को लेकर भ्रम पैदा कर रही है।

‘राष्ट्रगीत का सम्मान वोट बैंक की राजनीति से ऊपर’

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्रगीत का सम्मान किसी राजनीतिक दल या वोट बैंक की राजनीति से ऊपर है। भाजपा देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय स्वाभिमान से जुड़े इस विषय पर किसी भी प्रकार के राजनीतिक या सांप्रदायिक दबाव को स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति ने 22 अगस्त को वंदे मातरम् के सम्मान की रक्षा का संकल्प लिया है। पार्टी कार्यकर्ता देश भर में लोगों और विशेषकर युवाओं को इसके इतिहास, अर्थ और स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान से अवगत कराएंगे।

‘वंदे मातरम् स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत’

पूर्व सीएम हरीश रावत द्वारा वंदे मातरम् को लेकर दिए गए बयान पर महेंद्र भट्ट ने कहा कि रावत वरिष्ठ नेता हैं और उन्हें अपने कार्यकर्ताओं को राष्ट्रगीत के सम्मान के लिए प्रेरित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् स्वतंत्रता आंदोलन की महत्वपूर्ण विरासत है और सभी को इसका सम्मान करना चाहिए। पूरा राष्ट्रगीत याद नहीं होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि लंबे समय तक इसके पूर्ण स्वरूप का नियमित गायन नहीं होने के कारण लोगों को सभी छंद याद नहीं हैं। लगातार अभ्यास से इसे जन-जन तक पहुंचाया जा सकता है। इस दौरान प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान, सह प्रभारी राजेंद्र नेगी, प्रदेश प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी और हनी पाठक मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें  नवंबर में राजधानी लखनऊ में लगेगा विशाल "कृषि भारत मेला"

Anurag Chaturvedi

अनुराग चतुर्वेदी पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता, लेखन और संपादन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए खबरों को निष्पक्षता और गहराई के साथ जनता के सामने रखा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button