Lucknow City

हजारों फीट की ऊंचाई पर फ्लाइट में धुआं! यात्रियों की अटकीं सांसें… हड़कंप के बीच लखनऊ में लैंडिंग

वाराणसी से दिल्ली जा रही थी फ्लाइट, लखनऊ में विमान उतरते ही सभी यात्रियों को बाहर निकाला गया, सुरक्षा एजेंसियों ने शुरू की जांच, कार्गो क्षेत्र में धुआं दिखने की सूचना से बढ़ी थी चिंता

लखनऊ, 3 सितंबर 2026:

यूपी के वाराणसी से दिल्ली जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट में कार्गो क्षेत्र की तरफ धुआं दिखाई देने की सूचना से गुरुवार सुबह हड़कंप मच गया। विमान में 155 यात्री और क्रू मेंबर सवार थे। विमान हजारों फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने तत्काल लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से संपर्क कर इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी।

विमान वाराणसी से दिल्ली के लिए निर्धारित समय पर रवाना हुआ था। लखनऊ के करीब पहुंचने से समय पहले ही क्रू मेंबरों को कार्गो साइड में कुछ धुआं उठता दिखाई दिया। इस पर पायलट ने एटीसी को विमान में धुआं दिखाई देने की जानकारी दी और लखनऊ के चौधरी चरण सिंह (अमौसी) अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग की अनुमति मांगी।

एटीसी से सूचना मिलते ही लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग से जुड़े सभी प्रोटोकॉल सक्रिय कर दिए गए। संबंधित एजेंसियों को अलर्ट किया गया और विमान को सुरक्षित रूप से एयरपोर्ट पर उतारने की तैयारी शुरू कर दी गई। कुछ इंतजार के बाद विमान को लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया गया।

ये भी पढ़ें:

विमान के रनवे पर पहुंचते ही सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। यात्रियों को एहतियात के तौर पर सुरक्षित स्थान पर बैठाया गया। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों और संबंधित टीमों ने विमान की गहन जांच शुरू की। जांच के दौरान काफी देर तक विमान में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली और न ही किसी हिस्से से धुआं निकलता दिखाई दिया। इसके बावजूद किसी भी तरह का जोखिम न लेते हुए विमान के कार्गो समेत अन्य हिस्सों की पूरी तरह जांच की गई।

एयरपोर्ट प्रवक्ता के मुताबिक वाराणसी से दिल्ली जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट संख्या एआई 1253 की सुबह लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान में सवार सभी 155 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की जांच की। जांच पूरी होने के बाद विमान को दिल्ली के लिए रवाना किए जाने की बात कही गई है।

ये भी पढ़ें  शराब के नशे में पति से हुआ विवाद, रात में पत्नी ने खाया जहर...सुबह मिली मौत की खबर

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button