Lucknow CityPoliticsUttar Pradesh

अखिलेश का ‘ब्लू प्लान’! छात्र सभा की नई नीली यूनिफॉर्म लॉन्च, BJP पर बरसे- रंगों से डरते हैं, भगवान से नहीं

सपा मुखिया ने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर नई लड़ाई का किया ऐलान, बोले- निगेटिव कैंपेन के खिलाफ Meta से करेंगे शिकायत, महंगाई, रोजगार, बिजली और निवेश को लेकर योगी सरकार पर साधा निशाना, कई लोग सपा में शामिल

लखनऊ, 8 सितंबर 2026:

समाजवादी पार्टी ने छात्र राजनीति में अपने रंग और तेवर दोनों बदलने की तैयारी तेज कर दी है। मंगलवार को लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सपा छात्र सभा की नई नीली यूनिफॉर्म लॉन्च की। बैठक में बड़ी संख्या में छात्र सभा के सदस्य ब्लू टी-शर्ट और ब्लू जींस में नजर आए। अखिलेश ने साफ कहा कि नीला रंग बहुजन समाज और विचारधारा का प्रतीक है और नई पीढ़ी के लिए नई सोच के साथ नई यूनिफॉर्म भी जरूरी है।

अखिलेश यादव ने कहा कि यूनिफॉर्म पहनने से गैर-बराबरी खत्म होती है। एकरूपता दिखाई देती है। छात्र नई यूनिफॉर्म के जरिए समाजवादी विचारधारा और सामाजिक न्याय के मूल्यों को छात्र-नौजवानों तक पहुंचाएंगे। उन्होंने ऐलान किया कि छात्र सभा दो सप्ताह तक छात्र जागरूकता सप्ताह चलाएगी। इसका मकसद केवल सदस्य बनाना नहीं, बल्कि युवाओं तक सपा की विचारधारा पहुंचाना होगा।

नई यूनिफॉर्म के बहाने भाजपा पर बोला तीखा हमला

ये भी पढ़ें:

नई यूनिफॉर्म के बहाने अखिलेश यादव ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग रंगों से डरते हैं, लेकिन भगवान से नहीं डरते। चंदा और चढ़ावे को लेकर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जो चढ़ावा चोरी करता होगा। वह सबसे बड़ा बहरूपिया होगा। सोशल मीडिया पर भाजपा पर निगेटिव कैंपेन चलाने का आरोप लगाते हुए अखिलेश ने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अब नई लड़ाई होगी और सपा इससे पीछे नहीं हटेगी।

akhilesh-yadav-launches-samajwadi-chhatra-sabha-new-blue-uniform (2)

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर निगेटिव प्रचार को लेकर Meta से शिकायत करनी होगी। युवाओं को Instagram की लत से बचने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि अगर दूसरी तरफ के लोग वीडियो बना रहे हैं तो सपा के लोग भी वीडियो बनाएंगे और लगातार पोस्ट करेंगे।

सपा सरकार आई तो AI से संभालेंगे कानून-व्यवस्था

अखिलेश ने भविष्य की सपा सरकार का तकनीकी एजेंडा भी सामने रखा। उन्होंने कहा कि AI का इकोसिस्टम तैयार किया जाना चाहिए और कानून-व्यवस्था में भी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल हो सकता है। उन्होंने सपा सरकार के Dial-100 सिस्टम और इंटरनेट के लिए गांव-गांव तक केबल पहुंचाने का जिक्र करते हुए कहा कि हजरतगंज में दोबारा फ्री Wi-Fi की सुविधा शुरू की जाएगी।

महंगाई-बिजली से लेकर प्रयागराज तक सरकार पर वार

सपा मुखिया ने महंगाई, बेरोजगारी, निवेश और बिजली व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार के पास महंगाई रोकने और नौकरियां देने की क्या व्यवस्था है। निवेश कितना आया और कितना आएगा, इसका भी जवाब मांगा। प्रयागराज और ‘क्योटो’ के उदाहरण देते हुए उन्होंने विकास कार्यों में भ्रष्टाचार और जलभराव को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा।

अखिलेश ने सुल्तानपुर में जन्माष्टमी के दौरान मूर्ति स्थापना, झांकी और भंडारे को लेकर हुए विवाद का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि दोषियों पर इसलिए कार्रवाई नहीं होगी क्योंकि वे सरकार के सजातीय लोग हैं। उन्होंने कहा कि सपा सामाजिक न्याय के राज की स्थापना के लिए काम करेगी। नफरत फैलाने वालों के बीच छात्र सभा सौहार्द बढ़ाएगी।

इन्होंने ली सपा की सदस्यता

इस दौरान गोरखपुर से सुशीला चौहान, जिला पंचायत सदस्य अंकुर निषाद, कुलदीप निषाद और बीडीसी प्रमोद चौहान ने सपा की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम में छात्र सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. इमरान और विनीत कुशवाहा समेत संगठन के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें  ज्ञानवापी के बंद तहखानों को खोलने की याचिका पर टली सुनवाई, ASI सर्वे की भी हुई है मांग

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button