रिश्वत के बढ़ते ‘रेट’ पर कौशल किशोर का वार, 13 सितंबर की रैली से सरकार को घेरने का संदेश
सरकारी दफ्तरों में रिश्वतखोरी को लेकर पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री ने उठाया सवाल, एक्स पोस्ट में कहा रिश्वतखोर लोग सरकार की छवि धूमिल कर रहे, 13 सितंबर को लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर प्रस्तावित आत्मसम्मान रैली में पहुंचने की अपील, पारख महासंघ के बैनर तले होगा आयोजन

प्रमोद कुमार
मलिहाबाद (लखनऊ), 11 सितंबर 2026:
पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री व पारख महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष कौशल किशोर ने यूपी के सरकारी दफ्तरों में बढ़ती रिश्वतखोरी को लेकर सवाल उठाया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर दावा किया कि कुछ लोग शुक्रवार सुबह अपने काम के सिलसिले में उनसे मिलने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने सरकारी कार्यालयों में रिश्वत का रेट बढ़ने की शिकायत की।
एक्स पोस्ट से सियासी संदेश
कौशल किशोर ने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘आज सुबह कुछ लोग अपने काम के लिए आए और बोलने लगे भैया सरकारी दफ्तरों में रिश्वत का रेट बढ़ गया है रिश्वत खोरी बंद हो हम सब 13 सितंबर की आत्मसम्मान रैली में अवश्य आयेंगे। रिश्वतखोर लोग सरकार की छवि को धूमिल कर रहे हैं।’
रिश्वतखोरी से जुड़ा सरकार की छवि का मुद्दा
पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री ने रिश्वतखोरी पर रोक लगाने की जरूरत बताई है। उन्होंने कहा कि रिश्वतखोर लोग सरकार की छवि को धूमिल कर रहे हैं। इस मुद्दे को लेकर उन्होंने आम लोगों से आवाज उठाने की अपील भी की है।
आज सुबह कुछ लोग अपने काम के लिए आए और बोलने लगे भैया सरकारी दफ्तरों में रिश्वत का रेट बढ़ गया है रिश्वत खोरी बंद हो हम सब १३ सितंबर की आत्मसम्मान रैली में अवश्य आयेंगे।रिश्वतखोर लोग सरकार की छवि को धूमिल कर रहे हैं।
— Kaushal Kishore (@mp_kaushal) September 11, 2026
13 सितंबर को लखनऊ में आत्मसम्मान रैली
कौशल किशोर ने 13 सितंबर को लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर होने वाली आत्मसम्मान रैली में बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की है। पारख महासंघ के नेतृत्व में प्रस्तावित इस रैली को समाज में आत्मसम्मान की भावना मजबूत करने के साथ जागरूकता से जुड़े अभियान के तौर पर पेश किया जा रहा है।

नशामुक्ति से समान शिक्षा तक मुद्दे
रैली में नशामुक्त व अपराधमुक्त समाज की मांग के साथ शिक्षा व्यवस्था में सुधार का मुद्दा भी उठाया जाएगा। इसमें कक्षा 6 से बच्चों को नशे व अपराध के दुष्प्रभावों की जानकारी देने, समान शिक्षा व्यवस्था लागू करने जैसी मांगें शामिल हैं।
जनता को मुख्य अतिथि बताकर जुटने की अपील
आयोजकों के मुताबिक रैली में जनता को मुख्य अतिथि माना गया है, जबकि कौशल किशोर मुख्य वक्ता होंगे। रिश्वतखोरी का मुद्दा उठाते हुए कौशल किशोर ने लोगों से 13 सितंबर की रैली में पहुंचने की अपील की है।






