Lucknow City

बारिश में बह गए विकास के दावे! एमिटी के सामने सड़क बनी तालाब, गंदे पानी में उतरकर फूटा जनाक्रोश

मल्हौर-हासेमऊ मार्ग पर जलभराव से ठप हुई जिंदगी, एमिटी यूनिवर्सिटी के पास प्रदर्शन, लोगों का आरोप- हाउस टैक्स वसूला, लेकिन न सड़क मिली, न नालियां

लखनऊ, 21 जुलाई 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ में बारिश ने नगर निगम के विकास कार्यों की जमीनी हकीकत उजागर कर दी है। गोमतीनगर से सटे मल्हौर, लौलाई, हासेमऊ और देवरिया इलाके के लोग तालाब बनी सड़क से बेहाल हैं। हालात इतने खराब हैं कि लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया है। नाराज स्थानीय नागरिकों ने मंगलवार को मल्हौर स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी से वन वर्ल्ड सिटी जाने वाली मुख्य सड़क पर घुटनों तक भरे गंदे पानी में उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे आकाश यादव ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी पीड़ा सरकार तक पहुंचाने के लिए लोगों को गंदे पानी में उतरने पर मजबूर होना पड़ा है। उनका कहना था कि वर्षों से मूलभूत सुविधाओं की मांग अनसुनी की जा रही है। इसलिए यह प्रदर्शन केवल विरोध नहीं बल्कि हजारों नागरिकों की बेबसी और न्याय की पुकार है।
lucknow-waterlogging-protest-near-amity-university-malhaur-hasemau-road (2)

उन्होंने सवाल उठाया कि जब मुख्य सड़क की यह हालत है तो गांव-मोहल्लों के अंदर की सड़कों का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। स्थानीय लोगों के मुताबिक हासेमऊ में तो सड़क पूरी तरह गायब हो चुकी है। मल्हौर से हासेमऊ, जगपाल खेड़ा, भरवारा, वन वर्ल्ड सिटी, खरगापुर और शहीद पथ को जोड़ने वाली यह प्रमुख सड़क मामूली बारिश में ही जलमग्न हो जाती है।

ये भी पढ़ें:

एमिटी यूनिवर्सिटी से सटी इस सड़क से प्रतिदिन हजारों छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक गुजरते हैं। पहले से मौजूद दर्जनों गहरे गड्ढे अब पानी से भर चुके हैं जिससे सड़क और गड्ढों में फर्क करना मुश्किल हो गया है। दोपहिया वाहन चालक, स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और पैदल राहगीर आए दिन फिसलकर घायल हो रहे हैं। रात के समय स्ट्रीट लाइट न होने से यह मार्ग और भी खतरनाक बन जाता है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह क्षेत्र नगर निगम की सीमा में शामिल हुए पांच वर्ष से अधिक समय बीत चुका है। नियमित रूप से हाउस टैक्स वसूला जा रहा है लेकिन न जल निकासी के लिए नालियां बनाई गईं और न ही सड़क का पुनर्निर्माण कराया गया। कई बार शिकायतें करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि इस मार्ग पर तत्काल जल निकासी की व्यवस्था, सड़क का पुनर्निर्माण और स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए जिससे हर बारिश में लोगों को जलभराव और जानलेवा रास्तों की समस्या से जूझना न पड़े।

ये भी पढ़ें  लखनऊ : दीवाली पर गांव गया था परिवार...बंद घर से लाखों के जेवर और 70 हजार नकद पार

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button