
प्रयागराज, 13 सितंबर 2026:
यूपी के प्रयागराज में साइबर थाने के पूर्व प्रभारी इंस्पेक्टर ओमनारायण गौतम की पत्नी मंजूलता गौतम (48) की निजी अस्पताल में मौत हो गई। परिवार के मुताबिक, पति के खिलाफ FIR दर्ज होने के बाद से वह काफी तनाव में थीं। गुरुवार शाम अचानक सीने में तेज दर्द होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने हार्ट अटैक की बात बताई। शुक्रवार रात करीब 11 बजे इलाज के दौरान उनकी सांसें थम गईं। शनिवार को कानपुर के गंगा घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।
पति पर FIR के चार दिन बाद बिगड़ी तबीयत
सिविल लाइंस थाने में इंस्पेक्टर ओमनारायण गौतम व साइबर थाने के सिपाही अभिषेक कुमार के खिलाफ महिला सिपाही की शिकायत पर 4.20 लाख रुपये रिश्वत लेने के आरोप में FIR दर्ज हुई थी। आरोप है कि साइबर फ्रॉड के एक मामले में फ्रीज रकम रिलीज कराने के नाम पर 20 प्रतिशत कमीशन मांगा गया था। FIR के बाद मामले की विवेचना शुरू हो गई।
पत्नी लगातार कह रही थी- पति को साजिशन फंसाया गया
परिवार के लोगों का कहना है कि पति पर मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलने के बाद मंजूलता तनाव में थीं। वह लगातार यही कहती थीं कि उनके पति को फर्जी तरीके से फंसाया गया है। परिजनों के मुताबिक, 10 सितंबर की शाम मंजूलता की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें सीने में तेज दर्द हुआ, जिसके बाद परिवार के लोग उन्हें निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जानकारी मिलने पर इंस्पेक्टर ओमनारायण गौतम भी अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच के बाद हार्ट अटैक की बात बताई। इलाज के दौरान उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई। शुक्रवार रात करीब 11 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

चार बच्चों के बीच मातम, दिसंबर में होनी थी बेटी की शादी
मंजूलता अपने दो बेटों व दो बेटियों के साथ कानपुर के बिठूर में रहती थीं। उनकी बड़ी बेटी की शादी दिसंबर में प्रस्तावित थी। परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था, इसी बीच मंजूलता की मौत से घर में मातम छा गया। शनिवार को परिवार के लोगों व रिश्तेदारों की मौजूदगी में कानपुर के गंगा घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। दोनों बेटियों व दोनों बेटों का रो-रोकर बुरा हाल था।
प्रयागराज से तबादले के बाद बलिया में तैनाती
ओमनारायण गौतम का परिवार कानपुर के बिठूर में रहता है। इंस्पेक्टर का प्रयागराज से वाराणसी जोन तबादला हुआ था। इसके बाद उन्हें बलिया में तैनाती मिली। इससे पहले वह प्रयागराज साइबर थाने के प्रभारी थे। फिलहाल फ्रॉड के मामले में दर्ज मामले की जांच जारी है।






