CrimePrayagraj

पांच लाख की सुपारी लेकर सपा नेता पर बरसाईं थीं गोलियां, हत्या में प्रधानपति समेत 4 गिरफ्तार

महिला प्रधान बन गई थी आंगनबाड़ी केंद्र में एजुकेटर, सपा के जिला सचिव की शिकायत पर हटने के बाद गहरा गई रंजिश, पांच लाख रुपये में हत्या की डील, प्रधानपति ने पुरानी रंजिश में रची साजिश, हिस्ट्रीशीटर ने दो साथियों को 50-50 हजार रुपये का लालच देकर जोड़ा, दो तमंचे व बाइक बरामद

प्रयागराज, 17 सितंबर 2026:

यूपी के प्रयागराज में सपा नेता पवन कुमार यादव की हत्या का Police ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। हंडिया बाजार में गोली मारकर की गई हत्या के पीछे राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता व पुरानी रंजिश सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, मुगरांव गांव के प्रधानपति विनोद यादव ने पवन यादव की हत्या की सुपारी हिस्ट्रीशीटर जितेंद्र यादव उर्फ लल्ला को दी थी। हत्या के बदले पांच लाख रुपये देने का वादा किया गया था।

पंचायत चुनाव से शुरू हुई थी रंजिश

हंडिया क्षेत्र निवासी विनोद यादव की सपा के जिला सचिव पवन यादव से पंचायत चुनाव के समय से रंजिश चल रही थी। विनोद ने अपनी ग्राम प्रधान पत्नी को गांव के आंगनबाड़ी केंद्र में ECCE Educator के पद पर संविदा पर नियुक्त कराया था। पवन यादव ने इस नियुक्ति पर आपत्ति जताई थी। इसके बाद डीएम के आदेश पर महिला को पद से हटा दिया गया। इसी मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद और गहरा गया।

इसी रंजिश में करीब डेढ़ माह पहले विनोद यादव ने हिस्ट्रीशीटर जितेंद्र यादव उर्फ लल्ला के साथ मिलकर पवन की हत्या की साजिश रची थी। लल्ला वर्ष 2022 में शशांक हत्याकांड में जेल जा चुका है। उसे शक था कि पवन यादव ने पुलिस को उसके बारे में जानकारी दी थी।

ये भी पढ़ें:

हत्या के लिए दिए 25 हजार रुपये

पुलिस के मुताबिक, विनोद ने लल्ला को हत्या के बदले पांच लाख रुपये देने की बात कही। तमंचा व कारतूस खरीदने के लिए उसे 25 हजार रुपये भी दिए गए। इसके बाद लल्ला ने बगहा हंडिया निवासी बृजेश यादव व ज्ञानपुर, भदोही निवासी निहाल अहमद को अपने साथ मिला लिया। दोनों को 50-50 हजार रुपये देने का लालच दिया गया था। तीनों आरोपियों ने कई दिनों तक पवन यादव की रेकी की। मंगलवार शाम हंडिया बाजार में मौका मिलते ही लल्ला, बृजेश व निहाल ने पवन यादव को गोली मार दी। सपा नेता की मौके पर ही मौत हो गई।
prayagraj-handia-samajwadi-party-leader-pawan-yadav-murder-case (2)

CCTV से खुली कड़ियां, चार आरोपी गिरफ्तार

घटना के बाद पुलिस ने CCTV फुटेज समेत दूसरे साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की। बुधवार को सरायकस्तूरी बाग के पास से प्रधानपति विनोद यादव व बृजेश यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं हंडिया पुलिया से जसवा की तरफ नहर रोड स्थित बाग के पास पुलिस की लल्ला व निहाल से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक दोनों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए दो तमंचे व बाइक भी बरामद की है।

शव रखकर हाईवे पर तीन घंटे चक्काजाम

पोस्टमॉर्टम के बाद पवन यादव का शव परिजनों को सौंपा गया। इसके बाद परिजन, ग्रामीण व समर्थक शव लेकर हाईवे पर पहुंच गए। यहां करीब तीन घंटे तक चक्काजाम रहा। इससे प्रयागराज-वाराणसी व वाराणसी-कानपुर मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने की कोशिश की। जाम नहीं खुलने पर हल्का बल प्रयोग कर रास्ता खाली कराया गया।

ये भी पढ़ें  दिल्ली : शादी के विवाद में युवती की गला घोंटकर हत्या, शव को पत्थर से बांधकर नाले में फेंका

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link