Lucknow CityUttar Pradesh

अब किडनी ट्रांसप्लांट के लिए नहीं भटकेंगे मरीज! लोहिया संस्थान में शुरू हुई ऑर्गन ट्रांसप्लांट यूनिट, 350 बेड का ट्रॉमा सेंटर भी जल्द

छठे स्थापना दिवस पर सीएम योगी ने दी मरीजों को सौगात, इमरजेंसी के नए वार्ड, कैथ लैब और अत्याधुनिक जांच सुविधाओं का लोकार्पण, बोन मैरो और लिवर ट्रांसप्लांट की भी तैयारी

लखनऊ, 13 सितंबर 2026:

गंभीर बीमारी में इलाज के लिए बड़े शहरों या दूसरे संस्थानों का रुख करने वाले मरीजों के लिए यूपी की राजधानी लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान से बड़ी राहत की खबर है। संस्थान के छठे स्थापना दिवस पर रविवार शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यहां ऑर्गन ट्रांसप्लांट यूनिट की शुरुआत की। अब संस्थान में मरीजों को किडनी ट्रांसप्लांट की सुविधा मिल सकेगी। आने वाले समय में बोन मैरो और लिवर ट्रांसप्लांट की सुविधा शुरू करने की भी तैयारी है।

नवचयनित कर्मियों को वितरित किए नियुक्ति पत्र

गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने बटन दबाकर ऑर्गन ट्रांसप्लांट यूनिट का लोकार्पण किया। इसके साथ ही इमरजेंसी के 40 बेड के नए वार्ड, कैथ लैब और अन्य जांच सुविधाओं के लिए नई अत्याधुनिक मशीनों का भी शुभारंभ किया गया। यानी गंभीर मरीजों को बेहतर और त्वरित उपचार देने की दिशा में संस्थान की क्षमता और बढ़ गई है। मुख्यमंत्री ने 194 टेक्निकल संवर्ग के नवचयनित कर्मियों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए।
lohia-institute-lucknow-kidney-transplant-unit-cm-yogi-inauguration (2)

मुख्यमंत्री ने कहा कि महज छह वर्षों में लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान ने प्रदेश के शीर्ष चिकित्सा संस्थानों में अपनी जगह बनाई है। अब इसे सेंटर फॉर एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए विशेष बजट उपलब्ध कराया जाएगा जिससे अत्याधुनिक इलाज के साथ शोध और चिकित्सा शिक्षा को भी नई दिशा मिल सके।

ये भी पढ़ें:

योगी ने कहा कि किसी चिकित्सा संस्थान की पहचान केवल उसकी इमारतों और संसाधनों से नहीं अपितु मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सकों की कार्यक्षमता, शोध की गुणवत्ता और चिकित्सा शिक्षा के स्तर से होती है। उन्होंने बताया कि संस्थान में 350 बेड का ट्रॉमा सेंटर भी बनाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के स्वास्थ्य ढांचे का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान में 85 मेडिकल कॉलेज और दो AIIMS संचालित हैं। MBBS की सीटें 4,690 से बढ़कर 13,600 से अधिक और PG सीटें 3,564 से बढ़कर 5,067 हो गई हैं। प्रदेश में 26 नर्सिंग कॉलेज संचालित हैं। 33 निर्माणाधीन हैं।
lohia-institute-lucknow-kidney-transplant-unit-cm-yogi-inauguration (3)

डिप्टी सीएम एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि छह साल में संस्थान ने जिस तेजी से विकास किया, वह उल्लेखनीय है। उन्होंने मेडिकोज से कहा कि सिर्फ नंबर नहीं बल्कि स्किल भी जरूरी है। कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह भी समारोह में मौजूद रहे।
संस्थान के निदेशक डॉ. सीएम सिंह ने बताया कि ऑर्गन ट्रांसप्लांट यूनिट से फिलहाल किडनी ट्रांसप्लांट की सुविधा मिलेगी। बोन मैरो और लिवर ट्रांसप्लांट की तैयारियां भी चल रही हैं।
lohia-institute-lucknow-kidney-transplant-unit-cm-yogi-inauguration (4)

इन डॉक्टरों को मिला डायरेक्टर्स अवार्ड ऑफ मेरिट

डिपार्टमेंट ऑफ रेस्पिरेटरी मेडिसिन के प्रोफेसर डॉ. अजय कुमार वर्मा, डिपार्टमेंट ऑफ यूरोलॉजी के प्रोफेसर डॉ. आलोक श्रीवास्तव, डिपार्टमेंट ऑफ फॉरेंसिक मेडिसिन की प्रोफेसर डॉ. ऋचा चौधरी, डिपार्टमेंट ऑफ ईएनटी के एडिशनल प्रोफेसर डॉ. आशीष चंद्र अग्रवाल, डिपार्टमेंट ऑफ कम्युनिटी मेडिसिन की एडिशनल प्रोफेसर डॉ. रश्मि कुमारी, डिपार्टमेंट ऑफ कम्युनिटी मेडिसिन की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. मिली सेंगर, डिपार्टमेंट ऑफ पीडियाट्रिक सर्जरी की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. आयुषी वैद्य, डिपार्टमेंट ऑफ डेंटिस्ट्री के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. पद्मनिधि अग्रवाल और डिपार्टमेंट ऑफ फिजियोलॉजी के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. शिवम वर्मा शामिल रहे। नर्सिंग में डायरेक्टर्स मेरिट अवार्ड से उमा पांडेय और लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सुमन सिंह को सम्मानित किया गया।

ये भी पढ़ें  वाराणसी : पुलिस के सामने तांडव, चाकू-लाठियों से महिला और परिजनों पर हमला, चार घायल

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link