Lucknow City

LDA : 52वें स्थापना दिवस पर याद किया 52 साल का सफर, सेवानिवृत्त कर्मचारी सम्मानित

लखनऊ विकास प्राधिकरण सेवानिवृत्त कर्मचारी वेलफेयर एसोसिएशन ने किया समारोह का आयोजन, वक्ता बोले- आवासीय योजनाओं के साथ अस्पताल, विश्वविद्यालय, पार्क, स्टेडियम व कारोबारी हब विकसित हुए, अनंतनगर से आईटी सिटी तक नई योजनाओं पर काम, अगले साल फिर साथ जुटने के वादे पर हुआ समारोह का समापन

लखनऊ, 13 सितंबर 2026:

लखनऊ विकास प्राधिकरण के 52वें स्थापना दिवस के मौके पर इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान वर्ष 2011 से पहले सेवानिवृत्त हुए प्राधिकरण के कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में एलडीए की 52 साल की विकास यात्रा, शहर में विकसित की गई आवासीय व व्यावसायिक योजनाओं के साथ मौजूदा योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

पुरानी योजनाओं से नई टाउनशिप तक बताया ब्यौरा

लखनऊ विकास प्राधिकरण सेवानिवृत्त कर्मचारी वेलफेयर एसोसिएशन के कार्यक्रम में अपर सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा ने संबोधन में एलडीए की विभिन्न योजनाओं से लखनऊ के विकास में आए बदलाव का ब्यौरा रखा। उन्होंने बताया कि अलीगंज, गोमतीनगर, जानकीपुरम, कानपुर रोड, रायबरेली रोड, हरदोई रोड व बसंतकुंज जैसी योजनाओं में बड़ी संख्या में भवन व भूखंड विकसित कर आवंटित किए गए। इन योजनाओं में शहर की बड़ी आबादी रह रही है।

उन्होंने प्राधिकरण की मौजूदा योजनाओं का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक उपाध्यक्ष के मार्गदर्शन में अनंतनगर, नैमिष नगर, वरुण विहार, आईटी सिटी, वेलनेस सिटी व वशिष्ठ विहार जैसी योजनाओं पर काम शुरू किया गया है। इन योजनाओं के विकसित होने से लखनऊ में आवासीय सुविधाओं के साथ दूसरे शहरी क्षेत्रों का भी विस्तार होगा।

ये भी पढ़ें:

आवास के साथ कारोबार व सुविधाओं का रखा पक्ष

अपर सचिव सीपी त्रिपाठी ने प्राधिकरण की आवासीय योजनाओं के साथ व्यावसायिक गतिविधियों के लिए विकसित किए गए क्षेत्रों का ब्यौरा दिया। उन्होंने गोमतीनगर के विभूति खंड व विराज खंड, कानपुर रोड के ट्रांसपोर्ट नगर व सीतापुर रोड के सेक्टर-ई का उल्लेख करते हुए बताया कि इन क्षेत्रों में सरकारी विभागों, कॉरपोरेट ऑफिस व बड़ी कंपनियों की गतिविधियां संचालित हो रही हैं।

lda-52nd-foundation-day-lucknow-development-authority-development-journey-retired-employees (2)

उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, खेलकूद व पार्कों के क्षेत्र में विकसित सुविधाओं का भी जिक्र किया। लोहिया अस्पताल, लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज, वीरांगना लक्ष्मीबाई अस्पताल, कल्याण सिंह कैंसर अस्पताल समेत निजी अस्पतालों को शहर की स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ा गया। शिक्षा के क्षेत्र में डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, डॉ. राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय, सिटी मॉन्टेसरी स्कूल, जयपुरिया कॉलेज व लखनऊ पब्लिक कॉलेज जैसी संस्थाओं का उल्लेख किया गया।

पार्कों से स्टेडियम तक विकास कार्यों की चर्चा

कार्यक्रम में बताया गया कि एलडीए की योजनाओं में पार्कों के विकास पर भी लगातार काम हुआ। जीपीओ पार्क, सरोजनी नायडू पार्क, लक्ष्मण पार्क, बेगम हजरत महल पार्क, ग्लोब पार्क, शहीद स्मारक पार्क, हाथी पार्क, गौतम बुद्ध पार्क व नीबूबाग पार्क के बाद डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क, डॉ. राम मनोहर लोहिया पार्क, जनेश्वर मिश्र पार्क, मान्यवर कांशीराम स्मारक पार्क, बौद्ध विहार पार्क, रमाबाई आंबेडकर पार्क, स्मृति उपवन व जॉगर्स पार्क जैसे बड़े पार्क विकसित किए गए। वर्तमान में प्रेरणा स्थल भी प्रमुख परियोजनाओं में शामिल है। खेल सुविधाओं को लेकर गोमतीनगर व अलीगंज में विकसित स्टेडियम के साथ भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम का भी जिक्र किया गया।

1974 में गठन के बाद शुरू हुआ था जमीन जुटाने का काम

लखनऊ के सुनियोजित विकास के लिए 13 सितंबर 1974 को लखनऊ विकास प्राधिकरण का गठन किया गया था। गठन के बाद शासन की अधिसूचनाओं व जिला प्रशासन के सहयोग से शहर के आसपास बड़े पैमाने पर जमीन उपलब्ध कराई गई। इसके बाद एलडीए ने अलग-अलग योजनाओं को खंड, सेक्टर व उपखंड में बांटकर सड़क, पार्क, भवन व भूखंड विकसित करने का काम शुरू किया। तैयार भवनों व भूखंडों का आवंटन लॉटरी के माध्यम से आम लोगों को किया गया। आवासीय विकास के साथ प्राधिकरण ने शहर में व्यावसायिक क्षेत्रों, अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों, पार्कों, खेल सुविधाओं व रोजगार से जुड़े क्षेत्रों के विकास पर भी काम किया।

सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने साझा की पुरानी यादें

सम्मान समारोह में प्राधिकरण के बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त कर्मचारी शामिल हुए। सेवानिवृत्त अपर सचिव एनएन सिंह, संयुक्त सचिव केके सिंह, डीएस राठौर, प्रोग्रामर एनालिस्ट राघवेंद्र मिश्रा, व्यवस्था अधिकारी अशोक पाल सिंह समेत एसोसिएशन के पदाधिकारी व कार्यकारिणी सदस्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन समीर मिश्रा व दीपक राय ने संयुक्त रूप से किया। समापन पर एसोसिएशन अध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह महामंत्री दिनेश जोशी ने अधिकारियों व कर्मचारियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष इसी तारीख को फिर सभी लोग एकत्र होकर प्राधिकरण का स्थापना दिवस मनाएंगे।

ये भी पढ़ें  12 साल की उपलब्धियों संग जनकल्याण शिविर... सैकड़ों लोगों को मिला योजनाओं का लाभ

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link