Sports

शेफाली-मंधाना ने बरपाया कहर, गेंदबाजों ने श्रीलंका को समेटा, भारत आठवीं बार Asia Cup चैंपियन

श्रीलंका को 72 रन से हराकर भारत ने आठवीं बार जीता Women’s Asia Cup, पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही टीम, पुरस्कार समारोह में ट्रॉफी लिए बिना लौटी भारतीय टीम

स्पोर्ट्स डेस्क, 14 सितंबर 2026:

भारत ने श्रीलंका को 72 रन से हराकर Women’s Asia Cup 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम ने फाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 183 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका की पूरी टीम 111 रन पर सिमट गई। भारत ने आठवीं बार महिला एशिया कप का खिताब जीता, जबकि पूरे टूर्नामेंट में टीम अजेय रही।
india-women-asia-cup-2026-champion-mandhana-shafali-mohsin-naqvi-trophy (2)

भारत ने श्रीलंका से चुकता किया पुराना हिसाब

फाइनल में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 183 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। स्मृति मंधाना व शेफाली वर्मा ने पारी की शुरुआत से ही श्रीलंकाई गेंदबाजों पर दबाव बनाया। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 129 रन की साझेदारी हुई।
शेफाली ने 39 गेंदों पर नौ चौकों व दो छक्कों की मदद से 68 रन बनाए। उन्होंने अपने T20 करियर का 21वां अर्धशतक लगाया। मंधाना ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 39 गेंदों पर पांच चौकों व तीन छक्कों की मदद से 59 रन बनाए।

129 रन की साझेदारी के बाद लड़खड़ाई पारी

शेफाली के आउट होने के बाद मंधाना भी ज्यादा देर नहीं टिक सकीं। दोनों के आउट होने के बाद भारतीय पारी की रफ्तार कुछ धीमी हुई। भारत ने 129 रन के स्कोर पर पहला विकेट गंवाया, इसके बाद अगले 54 रन के भीतर चार विकेट गिर गए। ऋचा घोष ने 17, हरमनप्रीत कौर ने 14 व दीप्ति शर्मा ने पांच रन बनाए। जी. कमालिनी 15 रन बनाकर नाबाद रहीं, जबकि भारती फुलमाली दो रन पर नाबाद लौटीं। श्रीलंका के लिए मिताली अयोध्या, चामरी अट्टापट्टू व चामुदी प्रबोदा ने एक-एक विकेट लिया।
india-women-asia-cup-2026-champion-mandhana-shafali-mohsin-naqvi-trophy (3)

ये भी पढ़ें:

चामरी-विश्मी ने संभाली श्रीलंका की पारी

184 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका को शुरुआत में ही झटका लगा। क्रांति गौड़ ने इमिशा दुलानी को चार रन पर बोल्ड कर दिया। इसके बाद कप्तान चामरी अट्टापट्टू व विश्मी गुणारत्ने ने पारी संभाली। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 58 रन जोड़े। दीप्ति शर्मा ने अट्टापट्टू को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। चामरी ने 32 गेंदों पर चार चौकों व दो छक्कों की मदद से 36 रन बनाए।

भारतीय गेंदबाजों ने लगातार दिए झटके

चामरी के आउट होने के बाद भारतीय गेंदबाजों ने श्रीलंका को संभलने का मौका नहीं दिया। दीप्ति ने विश्मी गुणारत्ने को बोल्ड किया। विश्मी 22 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 20 रन बनाकर आउट हुईं।
इसके बाद श्री चरणी ने अपनी ही गेंद पर हर्षिता समरविक्रमा को नौ रन पर पवेलियन भेजा। चरणी ने कविषा दिलहारी को सात रन व नीलाक्षिका सिल्वा को 22 रन पर आउट किया। हसिनी परेरा एक रन बनाकर आउट हुईं, जबकि सुगंदिका कुमारी एक रन ही बना सकीं।
india-women-asia-cup-2026-champion-mandhana-shafali-mohsin-naqvi-trophy (4)

श्री चरणी भारत की सबसे सफल गेंदबाज रहीं। उन्होंने चार विकेट लिए। दीप्ति शर्मा को तीन सफलता मिली। क्रांति गौड़, शेफाली वर्मा व प्रेमा रावत ने एक-एक विकेट लिया। श्रीलंका की टीम 20 ओवर में 111 रन पर ऑलआउट हो गई।

आठवीं बार एशिया कप चैंपियन बना भारत

भारत महिला एशिया कप के इतिहास की सबसे सफल टीम है। टीम ने अब तक आठ बार खिताब जीता है। भारत ने 2004, 2005, 2006 व 2008 में वनडे फॉर्मेट में खिताब अपने नाम किया था। इसके बाद 2012, 2016, 2022 व 2026 में T20 फॉर्मेट में चैंपियन बना। भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में हर बार फाइनल तक पहुंची है। 2018 व 2024 में उसे फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था। 2026 में टीम ने पूरे टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं गंवाया।
india-women-asia-cup-2026-champion-mandhana-shafali-mohsin-naqvi-trophy (5)

नकवी के हाथ से ट्रॉफी लेने की रस्म नहीं हुई

खिताबी जीत के बाद पुरस्कार समारोह में भारतीय टीम ने एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी से ट्रॉफी नहीं ली। नकवी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष होने के साथ पाकिस्तान के गृह मंत्री भी हैं। वह ट्रॉफी देने के लिए मंच पर मौजूद थे, लेकिन भारतीय टीम के मंच पर नहीं पहुंचने से पुरस्कार समारोह ट्रॉफी सौंपे बिना ही खत्म हो गया। नकवी ने श्रीलंका की कप्तान चामरी अट्टापट्टू को उपविजेता का चेक दिया। इससे पहले श्रीलंकाई टीम के खिलाड़ियों को पदक दिए गए। मुख्य पुरस्कार समारोह से पहले BCCI सचिव देवजीत सैकिया व उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला भी स्टेडियम में मौजूद थे।
india-women-asia-cup-2026-champion-mandhana-shafali-mohsin-naqvi-trophy (6)

स्टेडियम से खाली हाथ बाहर जाते दिखे नकवी

भारतीय टीम के ट्रॉफी नहीं लेने के बाद नकवी स्टेडियम से बाहर जाते नजर आए। रिपोर्ट के मुताबिक, उनके बाहर निकलने के दौरान स्टेडियम में मौजूद कुछ लोगों ने उनके खिलाफ नारेबाजी भी की। सोशल मीडिया पर इससे जुड़े वीडियो भी सामने आए। यह पहली बार नहीं है जब भारतीय टीम ने नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार किया हो। 2025 में पुरुष टीम ने भी पाकिस्तान को हराकर एशिया कप जीता था। उस समय भी भारतीय टीम ने नकवी के हाथों से ट्रॉफी लेने से मना किया था। रिपोर्ट के मुताबिक, 2025 की ट्रॉफी अब तक ACC कार्यालय में रखी हुई है।

ये भी पढ़ें  IPL 2026 : CSK ने KKR को 32 रन से हराया... नूर अहमद की फिरकी में उलझी रही कोलकाता

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link