Barabanki City

जमीन के रुपये अटके, अपमान सहा, दोस्त को भावुक मैसेज भेजा, फिर कार में मिला व्यापारी का शव

लखनऊ गोसाईगंज के व्यापारी का बाराबंकी में कार के अंदर मिला था शव, पहचान होने के बाद सामने आया सच, जमीन बेचने के बाद भी नहीं मिले पूरे रुपये, उधारी बढ़ने से था परेशान, कार में मिली शराब की दो बोतलें, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ

बाराबंकी, 14 सितंबर 2026:

यूपी के बाराबंकी में जमीन बिक्री के रुपये नहीं मिलने से परेशान एक व्यापारी का शव लोनीकटरा क्षेत्र में कार के अंदर मिला था। मृतक की पहचान लखनऊ के गोसाईगंज क्षेत्र के देहरामऊ निवासी मुकेश कुमार वर्मा (36) के रूप में हुई है। पता चला कि वह मोबाइल की दुकान चलाता था। उसने मौत से पहले अपने दोस्त को एक भावुक मैसेज भेजा था।

सुनसान जगह पर खड़ी थी कार

लोनीकटरा क्षेत्र में दहिला-पोखरा मार्ग पर खैराकनकू शारदा सहायक खंड 28 के पास बिशुनपुर गांव के नजदीक रविवार सुबह ग्रामीणों ने सुनसान जगह पर एक कार (आई 20) खड़ी देखी। कार के अंदर एक व्यक्ति नजर आया। ग्रामीणों ने शीशा खटखटाकर उसे जगाने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। कार का गेट खुलवाया गया तो अंदर मुकेश का शव पड़ा था।

मोबाइल से हुई मरने वाले की पहचान

पुलिस को मौके से मोबाइल फोन समेत कुछ अभिलेख मिले। इनके आधार पर मृतक की पहचान मुकेश कुमार वर्मा के रूप में हुई। सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

ये भी पढ़ें:

barabanki-businessman-mukesh-verma-dead-body-car-land-money-dispute-emotional-message (2)

जमीन बेचने के बाद भी नहीं मिले पूरे रुपये

पुलिस के मुताबिक, मुकेश के शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। पोस्टमार्टम में भी मौत की वजह स्पष्ट नहीं हुई, इसलिए बिसरा सुरक्षित किया गया है। कार से शराब की दो बोतलें भी मिली हैं। परिजनों ने पुलिस को बताया कि मुकेश की गोसाईगंज में मोबाइल की दुकान थी। दुकान पर काफी उधारी हो गई थी। वह मुंह के कैंसर से भी पीड़ित था। वर्ष 2024 में इलाज के लिए उसने कुछ जमीन बेची थी, लेकिन खरीदारों ने पूरी रकम नहीं दी। रुपये मांगने पर लगातार टालमटोल की जा रही थी।

तीन दिन पहले हुई थी अभद्रता

परिजनों के मुताबिक, जमीन की रकम को लेकर तीन दिन पहले भी मुकेश की खरीदारों से कहासुनी हुई थी। आरोप है कि इस दौरान उसके साथ अभद्रता की गई। इस मामले में स्थानीय थाने में मुकदमा भी दर्ज है। रुपये नहीं मिलने से वह काफी परेशान चल रहा था।

दोस्त को भेजा था परेशान होने का मैसेज

परिजनों ने बताया कि मुकेश सुबह अपनी दुकान पर गया था। शाम को वह कार से वहां से निकला। इसी दौरान उसने अपने एक दोस्त को मैसेज भेजकर कहा था कि वह बहुत परेशान है। उसने दोस्त से अपने दो छोटे बच्चों समेत परिवार का ध्यान रखने की बात भी कही थी।

ये भी पढ़ें  राजधानी के आसपास जिलों में रही गणतंत्र दिवस की धूम...शान से लहराया तिरंगा

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link