
बाराबंकी, 14 सितंबर 2026:
यूपी के बाराबंकी में जमीन बिक्री के रुपये नहीं मिलने से परेशान एक व्यापारी का शव लोनीकटरा क्षेत्र में कार के अंदर मिला था। मृतक की पहचान लखनऊ के गोसाईगंज क्षेत्र के देहरामऊ निवासी मुकेश कुमार वर्मा (36) के रूप में हुई है। पता चला कि वह मोबाइल की दुकान चलाता था। उसने मौत से पहले अपने दोस्त को एक भावुक मैसेज भेजा था।
सुनसान जगह पर खड़ी थी कार
लोनीकटरा क्षेत्र में दहिला-पोखरा मार्ग पर खैराकनकू शारदा सहायक खंड 28 के पास बिशुनपुर गांव के नजदीक रविवार सुबह ग्रामीणों ने सुनसान जगह पर एक कार (आई 20) खड़ी देखी। कार के अंदर एक व्यक्ति नजर आया। ग्रामीणों ने शीशा खटखटाकर उसे जगाने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। कार का गेट खुलवाया गया तो अंदर मुकेश का शव पड़ा था।
मोबाइल से हुई मरने वाले की पहचान
पुलिस को मौके से मोबाइल फोन समेत कुछ अभिलेख मिले। इनके आधार पर मृतक की पहचान मुकेश कुमार वर्मा के रूप में हुई। सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जमीन बेचने के बाद भी नहीं मिले पूरे रुपये
पुलिस के मुताबिक, मुकेश के शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। पोस्टमार्टम में भी मौत की वजह स्पष्ट नहीं हुई, इसलिए बिसरा सुरक्षित किया गया है। कार से शराब की दो बोतलें भी मिली हैं। परिजनों ने पुलिस को बताया कि मुकेश की गोसाईगंज में मोबाइल की दुकान थी। दुकान पर काफी उधारी हो गई थी। वह मुंह के कैंसर से भी पीड़ित था। वर्ष 2024 में इलाज के लिए उसने कुछ जमीन बेची थी, लेकिन खरीदारों ने पूरी रकम नहीं दी। रुपये मांगने पर लगातार टालमटोल की जा रही थी।
तीन दिन पहले हुई थी अभद्रता
परिजनों के मुताबिक, जमीन की रकम को लेकर तीन दिन पहले भी मुकेश की खरीदारों से कहासुनी हुई थी। आरोप है कि इस दौरान उसके साथ अभद्रता की गई। इस मामले में स्थानीय थाने में मुकदमा भी दर्ज है। रुपये नहीं मिलने से वह काफी परेशान चल रहा था।
दोस्त को भेजा था परेशान होने का मैसेज
परिजनों ने बताया कि मुकेश सुबह अपनी दुकान पर गया था। शाम को वह कार से वहां से निकला। इसी दौरान उसने अपने एक दोस्त को मैसेज भेजकर कहा था कि वह बहुत परेशान है। उसने दोस्त से अपने दो छोटे बच्चों समेत परिवार का ध्यान रखने की बात भी कही थी।






