Lucknow CityUttar Pradesh

UP के खेलों का इंटरनेशनल शोकेस : Trade Show में दिखेगी चैंपियनों की कहानी, वर्ल्ड क्लास स्टेडियम व गेमिंग जोन का रोमांच

25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा में UP International Trade Show 4.0 में पहली बार खेल विभाग का खास पवेलियन, खिलाड़ियों की उपलब्धियों से लेकर मेरठ स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी और एआई तक की दिखेगी झलक

लखनऊ, 17 सितंबर 2026:

यूपी के खेल मैदान से निकलकर अब प्रदेश की खेल प्रतिभाएं और बदलता स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर अंतरराष्ट्रीय कारोबार के मंच पर नजर आएगा। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक होने वाले पांच दिवसीय यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-4.0 में पहली बार प्रदेश का खेल विभाग व्यापक स्तर पर भागीदारी करने जा रहा है। करीब 200 वर्ग मीटर में तैयार हो रहे विशेष पवेलियन में खिलाड़ियों की उपलब्धियों, आधुनिक खेल सुविधाओं, युवा गतिविधियों और भविष्य की खेल योजनाओं को एक साथ प्रदर्शित किया जाएगा।

पवेलियन में खेल निदेशालय, प्रादेशिक विकास दल एवं युवा कल्याण विभाग, स्पोर्ट्स कॉलेज और मेरठ में विकसित हो रही खेल यूनिवर्सिटी संयुक्त रूप से हिस्सा लेंगे। आयोजन के शासन स्तर के नोडल अधिकारी विशेष सचिव कुमार विनीत होंगे।

मैदान के चैंपियन, स्क्रीन पर दिखेगी पूरी कहानी

पवेलियन में यूपी से निकले राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की उपलब्धियों को खास जगह दी जाएगी। खिलाड़ियों की तस्वीरों, वीडियो बाइट्स और उपलब्धियों से जुड़ी सामग्री के जरिए आगंतुकों को प्रदेश की खेल प्रतिभाओं की यात्रा से रूबरू कराया जाएगा। टीवी पैनल और डिजिटल डिस्प्ले इस प्रस्तुति को इंटरएक्टिव बनाएंगे।

ये भी पढ़ें:

इसके साथ ही प्रदेश में तैयार हो रहे प्रमुख खेल इंफ्रास्ट्रक्चर की भी झलक मिलेगी। अयोध्या, गोरखपुर, वाराणसी और कानपुर समेत विभिन्न स्थानों की खेल परियोजनाओं तथा मेरठ में बन रही खेल यूनिवर्सिटी के 3डी मॉडल प्रदर्शित किए जाएंगे। खेल सुविधाओं के विस्तार पर आधारित डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई जाएगी।

खेल देखने नहीं, खेलने का भी मिलेगा मौका

पवेलियन का सबसे दिलचस्प हिस्सा गेमिंग जोन होगा। यहां फुटबॉल, हॉकी और टेबल टेनिस समेत चार खेलों से जुड़े इंटरएक्टिव गेम होंगे। ट्रेड शो में आने वाले लोग खुद इनका अनुभव ले सकेंगे। बेहतर प्रदर्शन करने वालों को छोटे उपहार और चॉकलेट देकर प्रोत्साहित किया जाएगा।

Gen-Z के लिए खेल, फिटनेस और एआई का कनेक्शन

पवेलियन में Gen-Z को खेलों से जोड़ने पर भी जोर रहेगा। खेल को सिर्फ प्रतियोगिता नहीं अपितु फिटनेस, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली के माध्यम के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। इसके साथ ही खेलों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के संभावित इस्तेमाल की भी जानकारी दी जाएगी। खिलाड़ियों के लिए एआई, प्रतिभाओं के डेटा बेस के प्रबंधन और तकनीक के जरिए खेल गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने की संभावनाएं प्रदर्शित होंगी।
up-international-trade-show-sports-pavilion-greater-noida-sports-infrastructure (2)

युवा कल्याण विभाग की ओर से युवक मंगल दल और महिला मंगल दल की गतिविधियों और उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया जाएगा। सीएम के हाथों सम्मानित प्रमाणपत्र, पुरस्कार और मेडल्स की गैलरी भी पवेलियन का हिस्सा होगी। खेल विभाग के विशेष सचिव विनीत कुमार के मुताबिक स्पोर्ट्स कॉलेज लंबे समय से खेल प्रतिभाओं के लिए नर्सरी की भूमिका निभा रहे हैं।

प्रदेश के खेल निदेशक एवं पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी डॉ. आरपी सिंह के मुताबिक प्रदेश में खेल विद्यालय, खेल विश्वविद्यालय, स्पोर्ट्स हॉस्टल और उच्च उत्कृष्टता केंद्र विकसित किए जा रहे हैं। साई के सहयोग से अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को सुविधाएं, ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रोत्साहन और स्टेडियमों में राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के उपकरण उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें  जनसभाओं में गरजे योगी, बोले- पहले माफिया के नतमस्तक थी सरकार, अब विकास और कानून दोनों साथ चल रहे

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link