
राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 22 सितंबर 2026ः
उत्तराखंड के रायपुर के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज (Maharana Pratap Sports College) में आयोजित विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी (Vidhayak Championship Trophy 2026) में विभिन्न खेल स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-19 कबड्डी के मुकाबलों में तपोवन और आईआईपी ने अपने-अपने वर्ग में खिताब अपने नाम किया। बालक अंडर-19 भाला फेंक में तरुण ने पहला, शौर्य ने दूसरा और आशुतोष ने तीसरा स्थान हासिल किया। ऊंची कूद में अंकुश विजेता रहे, जबकि शौर्य दूसरे और ईशान तीसरे स्थान पर रहे।
बालिका भाला फेंक प्रतियोगिता में अंजली ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया। सुष्मिता दूसरे और मोनिका तीसरे स्थान पर रहीं। ऊंची कूद में सलोनी ने बाजी मारी, जबकि शिवानी दूसरे और ईशा तीसरे स्थान पर रहीं। कबड्डी के बालक अंडर-19 वर्ग में तपोवन ने पहला स्थान हासिल किया और केवीआई उपविजेता रहा। बालिका वर्ग में आईआईपी ने खिताब जीता। वॉलीबॉल के बालक अंडर-19 वर्ग में महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज और रायपुर क्रमश: पहले व दूसरे स्थान पर रहे।

वॉलीबॉल बालिका वर्ग में रायपुर ने पहला और हंसराज मियांवाला ने दूसरा स्थान हासिल किया। बालक अंडर-14 वॉलीबॉल में रिवर वैली विजेता बना। खो-खो के बालक अंडर-19 वर्ग में एसपीएस और बालिका वर्ग में जीजीआईसी अजबपुर कलां ने खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी रायपुर मनोज कापड़ी, देवभूमि द्रोणाचार्य अवार्डी कोच लोकेश चौधरी, अश्वनी भट्ट, यूसी कापड़ी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।






