Lucknow CityNationalUttar Pradesh

Up News : CM योगी ने भारत टैक्सी को दिखाई हरी झंडी, सवारी भी की, ड्राइवर को नहीं देना होगा कमीशन

लखनऊ में योगी ने भारत टैक्सी और मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का किया शुभारंभ, किसानों को 6% ब्याज पर लोन, अब टैक्सी ड्राइवर को मिलेगी 5 लाख की सामाजिक सुरक्षा, 5 लाख लघु-सीमांत किसानों को सस्ता कर्ज देने का लक्ष्य

लखनऊ, 23 सितंबर 2026:

यूपी में बुधवार को टैक्सी ड्राइवरों और किसानों के लिए दो अहम योजनाओं की शुरुआत हुई। सीएम योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय सहकारिता एवं नागर विमानन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में ‘भारत टैक्सी’ और ‘मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना’ का शुभारंभ किया। सीएम योगी ने भारत टैक्सी को हरी झंडी दिखाने के बाद खुद कैब में सवारी भी की।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का पोर्टल और उर्वरक-बीज से जुड़ी सुविधाओं के लिए ‘उर्वरक सेतु’ ऐप भी लॉन्च किया गया। भारत टैक्सी और विभिन्न संस्थाओं के बीच एमओयू का आदान-प्रदान हुआ। इस दौरान भारत टैक्सी के ड्राइवरों को शेयर प्रमाण-पत्र और विभिन्न लोक-कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक वितरित किए गए। किसानों को ऋण के चेक सौंपे गए।

जीरो कमीशन पर चलेगी भारत टैक्सी

सीएम योगी ने कहा कि सहकारिता मंत्रालय के गठन के परिणाम अब जमीन पर दिखाई देने लगे हैं। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के बारे में पहले कोई नहीं सोचता था, उनमें टैक्सी ड्राइवर भी शामिल हैं। अब ड्राइवर रजिस्ट्रेशन कराकर जीरो कमीशन पर भारत टैक्सी का हिस्सा बन सकेंगे।
योगी ने कहा कि अब तक टैक्सी चालकों को पर्याप्त सामाजिक सुरक्षा नहीं मिलती थी। उन्हें अपने हाल पर छोड़ दिया जाता था।

ये भी पढ़ें:

सीएम ने कहा कि भारत टैक्सी से जुड़ने के बाद ड्राइवर को अपने वाहन पर ‘भारत टैक्सी’ लिखवाने पर गर्व होगा। उसे 5 लाख रुपये तक की सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिलेगा। भारत टैक्सी के जरिए कार के साथ ऑटो-रिक्शा और बाइक जैसी सेवाएं भी उपलब्ध होंगी। भारत टैक्सी फिलहाल लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज में संचालित हो रही है। मुख्यमंत्री ने इसे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने वाला सहकारी मॉडल बताया।
up-news-cm-yogi-launches-bharat-taxi-mukhyamantri-krishak-samriddhi-yojana (2)

‘2017 से पहले भैंसा गाड़ी भी सुरक्षित नहीं थी’

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 2017 से पहले की कानून-व्यवस्था पर विपक्षी सरकारों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि उस समय टू-व्हीलर और थ्री-व्हीलर छोड़िए, भैंसा गाड़ी से जाने वाला व्यक्ति भी चाय पीने रुकता था तो उसका भैंसा गायब हो जाता था। उन्होंने टैक्सियों के टायर चोरी होने और सड़कों की खराब स्थिति का भी जिक्र किया। योगी ने दावा किया कि अब प्रदेश में कर्फ्यू और दंगों की स्थिति नहीं है और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 14 लाख सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और चोरी होने की स्थिति में अपराधियों तक पहुंचने की व्यवस्था मजबूत की गई है।

किसानों के लिए 11 से घटकर 6 फीसदी ब्याज

मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना को किसानों के लिए कार्यक्रम की दूसरी बड़ी पहल के रूप में पेश किया गया। योगी ने कहा कि सहकारी बैंकों से किसानों को पहले करीब 11 फीसदी ब्याज पर ऋण मिलता था जिसे घटाकर 6 फीसदी किया गया है। सरकार का लक्ष्य आने वाले वर्षों में 5 लाख लघु और सीमांत किसानों को ऋण सुविधा उपलब्ध कराना है।
up-news-cm-yogi-launches-bharat-taxi-mukhyamantri-krishak-samriddhi-yojana (3)

योगी ने कहा कि सरकार किसानों को मजबूत बनाने के लिए सिंचाई, बिजली और ऋण की सुविधाओं पर काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि 2017 में किसानों के 36 हजार करोड़ रुपये के ऋण माफ किए गए थे। इसके साथ ही विभिन्न सिंचाई परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार के कार्यकाल में 24 लाख अतिरिक्त भूमि को सिंचाई सुविधा से जोड़ा गया।

मुख्यमंत्री ने सहकारिता की भूमिका पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सहकारिता की सफलता इस बात पर निर्भर करती है कि उसकी कमान किन लोगों के हाथ में है। उनके मुताबिक सकारात्मक नेतृत्व में सहकारिता समाज और राष्ट्र की प्रगति का माध्यम बन सकती है।

केंद्रीय राज्यमंत्री बोले- बदल रहा सहकारिता का स्वरूप

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भारत टैक्सी और मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना की शुरुआत हो रही है। उन्होंने बताया कि गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज में भी भारत टैक्सी की शुरुआत की गई है। मोहोल ने कहा कि भारत टैक्सी सहकारिता मंत्रालय की पहल है। इससे सहकारिता का स्वरूप बदल रहा है।

ये भी पढ़ें  सीजफायर के बाद अंबानी-अडानी की चमकी किस्मत, पांच दिन में जोड़ लिए अरबों डॉलर

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link