Lucknow City

Lucknow News: 40 घंटे से पानी ही पानी, सभी बेहाल, सड़कें लबालब, घरों तक पहुंचा पानी, पेड़ गिरे, स्कूल-कॉलेज बंद

कल भी भारी बारिश का अलर्ट, लोगों को बेवजह घर से न निकलने की सलाह, बाजारों में सन्नाटा, शहर के कई इलाकों में सड़कें धंस गईं

लखनऊ, 26 सितंबर 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ में बारिश अब लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। लगातार करीब 40 घंटे से हो रही बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी है। सड़कें तालाब में तब्दील हैं। मोहल्लों और पार्कों में पानी भर गया है। कई जगह सड़क का पानी घरों तक पहुंच गया है। इंदिरा नगर से खुर्रम नगर और आशियाना से अलीगंज तक जलभराव के कारण लोगों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

भारी बारिश के बीच इंदिरा नगर और खुर्रम नगर में सड़कें पानी में डूबी नजर आईं। जलभराव इतना ज्यादा रहा कि कई लोग बाइक चलाने के बजाय उसे पैदल लेकर जाते दिखाई दिए। कई इलाकों में वाहन पानी में फंस गए। आशियाना कॉलोनी की खजाना रोड और चौराहे पर बीच सड़क पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हुआ। अलीगंज में पाकड़ का पेड़ गिरने से दो गाड़ियां दब गईं। हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

lucknow-heavy-rain-waterlogging-forty-hours-schools-closed-weather-alert (2)

ये भी पढ़ें:

बारिश ने शहर की सड़कों की बदहाली भी सामने ला दी है। अमीनाबाद में मुख्य सड़क धंस गई। बताया जा रहा है कि सीवर लाइन के काम के बाद शहर के कई हिस्सों में सड़कें खराब हुई हैं। सड़कें धंसने से राहगीरों और वाहन चालकों के लिए हादसे का खतरा बढ़ गया है।

स्कूल-कॉलेज बंद, बाजारों में सन्नाटा

खराब मौसम को देखते हुए लखनऊ में आज प्री-प्राइमरी से 12वीं तक के सभी सरकारी, निजी और सभी बोर्ड के स्कूल बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। डीएम विशाख जी के आदेश के बाद विश्वविद्यालय, कॉलेज, हायर और टेक्निकल एजुकेशन संस्थानों को भी 26 सितंबर को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। रविवार होने के कारण बच्चों की छुट्टी लगातार दो दिन रहेगी।

lucknow-heavy-rain-waterlogging-forty-hours-schools-closed-weather-alert (3)

भारी बारिश का असर बाजारों और यातायात पर भी पड़ा है। कई इलाकों में बाजारों में सन्नाटा है। लखनऊ एयरपोर्ट ने भी यात्रियों से खराब मौसम और जलभराव को देखते हुए घर से अतिरिक्त समय लेकर निकलने की अपील की है।

कल तक भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार आज भी बारिश के साथ तेज हवाएं चलेंगी। बंगाल की खाड़ी से उठा दबाव का क्षेत्र उत्तरी छत्तीसगढ़ से होते हुए उत्तर-पश्चिम दिशा में दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के साथ इसके असर से बारिश तेज हुई है। लखनऊ समेत प्रदेश में 27 सितंबर तक तेज झोंकेदार हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

lucknow-heavy-rain-waterlogging-forty-hours-schools-closed-weather-alert12

ऐसे में लोगों को जलभराव वाले रास्तों से बचने, पेड़ और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखने तथा बेहद जरूरी होने पर ही घर से निकलने की सलाह दी गई है। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

सितंबर में ठंड का रिकॉर्ड, 23.5 डिग्री पहुंचा पारा

लगातार बारिश का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दिया। शुक्रवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान महज 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 9.7 डिग्री कम रहा। कुछ वर्षों में यह सितंबर का दूसरा सबसे ठंडा दिन रहा। इससे कम अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस 2007 को दर्ज किया गया था। शुक्रवार को 86.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

lucknow-heavy-rain-waterlogging-forty-hours-schools-closed-weather-alert (4)

ये भी पढ़ें  लखनऊ में घर का सुनहरा मौका... LDA के ऐशबाग स्क्वायर में फ्लैट्स के लिए रजिस्ट्रेशन 15 अप्रैल तक बढ़ा

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link