
सीतापुर, 27 सितंबर 2026:
यूपी के सीतापुर स्थित महोली क्षेत्र में सतलोक आश्रम के पास ट्रक ने स्कूटी में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार ननद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर घायल भाभी ने रविवार की सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। एक साथ दो मौतों से परिवार में कोहराम मच गया।
सतलोक आश्रम के पास हुआ सड़क हादसा
महोली कस्बे के सोनारन टोला निवासी कौशल रस्तोगी की बेटी सिमरन (24) अपनी भाभी प्रिंसी पत्नी श्रजल रस्तोगी के साथ शनिवार शाम स्कूटी से बाईपास की तरफ गई थीं। काम पूरा करने के बाद दोनों घर लौट रही थीं। शाम करीब सात बजे उनकी स्कूटी NH-30 पर सतलोक आश्रम के पास पहुंची थी। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।

अस्पताल पहुंचते ही सिमरन को मृत घोषित किया, सुबह बहू ने दम तोड़ा
हादसे की सूचना मिलने पर महोली कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों महिलाओं को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सिमरन को मृत घोषित कर दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल प्रिंसी को जिला अस्पताल से लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। परिजन प्रिंसी को लेकर लखनऊ पहुंचे और ट्रामा सेंटर में उसका इलाज चल रहा था। डॉक्टरों की कोशिश के बावजूद रविवार सुबह करीब सात बजे प्रिंसी की मौत हो गई। पहले बेटी सिमरन की मौत की खबर से परिवार सदमे में था, इसके बाद बहू प्रिंसी के दम तोड़ने से घर में मातम और गहरा गया।
ट्रक चालक हिरासत में, शोक में डूबा सोनारन टोला
हादसे के बाद पुलिस ने ट्रक और उसके चालक को हिरासत में ले लिया था। सिमरन के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया था। अब प्रिंसी की मौत के बाद पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। एक ही हादसे में ननद-भाभी की मौत के बाद सोनारन टोला में शोक का माहौल है।






