Uttarakhand

Mann Ki Baat : उत्तराखंड का माणा-बगोरी गूंजा, धामी बोले- सीमांत क्षेत्रों के नागरिकों के लिए गौरव की बात

सीएम ने अपने आवास पर कार्यक्रम को सुना, चमोली के माणा गांव से हुई थी जनगणना की शुरुआत, उत्तरकाशी के बगोरी गांव में डिजिटल माध्यम से प्रक्रिया में सहभागी बने थे होमस्टे संचालक हरदेव सिंह राणा, कैबिनेट मंत्री बोलीं- जनभागीदारी की प्रेरक कहानियों को मिला राष्ट्रीय मंच

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 27 सितंबर 2026ः

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘मन की बात’ (Mann Ki Baat) कार्यक्रम के 138वें संस्करण में उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्रों और वहां के नागरिकों की जनभागीदारी का विशेष उल्लेख हुआ। प्रधानमंत्री द्वारा चमोली के माणा गांव से जनगणना की शुरुआत और उत्तरकाशी के बगोरी गांव में डिजिटल माध्यम से जनगणना प्रक्रिया में सहभागी बने होमस्टे संचालक हरदेव सिंह राणा का उल्लेख किए जाने पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने इसे उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय बताया। वहीं, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने भी अपने आवास पर ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना।

‘देवभूमि के सीमांत क्षेत्र आधुनिक तकनीक से जुड़ रहे’

सीएम ने अपने शासकीय आवास पर सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह के साथ ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना। उन्होंने कहा कि पीएम द्वारा उत्तराखंड के सीमांत गांवों के नागरिकों की प्रशंसा इस बात का प्रमाण है कि देवभूमि के सीमांत क्षेत्र आधुनिक तकनीक और विकास की नई धारा से निरंतर जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों के नागरिकों की सक्रिय भागीदारी उत्तराखंड की विकास यात्रा की महत्वपूर्ण तस्वीर प्रस्तुत करती है। धामी ने कहा कि माणा और बगोरी के उदाहरण बताते हैं कि उत्तराखंड के सीमांत गांवों में रहने वाले नागरिक आधुनिक तकनीक को अपना रहे हैं और राष्ट्रीय प्रक्रियाओं में सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं। प्रधानमंत्री द्वारा इन नागरिकों के प्रयासों का उल्लेख सीमांत क्षेत्रों के लोगों के लिए उत्साहवर्धन का विषय है।

ये भी पढ़ें:

dehradun-uttarakhand-mann-ki-baat-mana-bagori-village-cm-dhami (2)

‘ODOP से पहाड़ी उत्पादों को मिली नई पहचान’

धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘एक जिला, एक उत्पाद’ (ODOP) जैसी विशिष्ट पहल का भी उल्लेख किया। उत्तराखंड के सभी 13 जनपदों के अपने विशिष्ट स्थानीय उत्पाद और पारंपरिक कौशल हैं। ODOP के माध्यम से इन उत्पादों को नई पहचान, बाजार और व्यापक मंच उपलब्ध कराने में मदद मिल रही है। उन्होंने कहा कि इससे उत्तराखंड के पारंपरिक उत्पादों, स्थानीय कौशल और पहाड़ी अर्थव्यवस्था को नई गति मिल रही है। स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार से जोड़ने से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार व उद्यमिता के अवसर भी बढ़ रहे हैं।

सर्जिकल स्ट्राइक के 10 वर्ष पूरे होने का उल्लेख

कार्यक्रम में पीएम मोदी ने वर्ष 2016 में हुई सर्जिकल स्ट्राइक के 10 वर्ष पूर्ण होने का भी उल्लेख किया। उन्होंने भारतीय सेना के साहस और पराक्रम को याद करते हुए कहा कि 28-29 सितंबर 2016 को भारतीय सेना ने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों के खिलाफ कार्रवाई की थी। प्रधानमंत्री ने इसे आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति का महत्वपूर्ण उदाहरण बताते हुए आतंकवाद के प्रति भारत की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति को रेखांकित किया।

dehradun-uttarakhand-mann-ki-baat-mana-bagori-village-cm-dhami (3)

‘महिलाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास’

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने भी यमुना कॉलोनी स्थित अपने आवास पर ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ देश के विभिन्न हिस्सों में हो रहे सकारात्मक कार्यों और जनभागीदारी की प्रेरक कहानियों को राष्ट्रीय स्तर पर मंच प्रदान करने का सशक्त माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आज महिलाएं शिक्षा, स्वरोजगार, सेना, खेल और अन्य क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रही हैं और अपनी मेहनत एवं प्रतिभा के बल पर देश-दुनिया में उत्तराखंड का नाम रोशन कर रही हैं। मंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल प्रधानमंत्री का देशवासियों से संवाद नहीं, बल्कि सेवा, सहभागिता, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने का माध्यम बन चुका है।

ये भी पढ़ें  जन्म से स्कूल तक हर बच्चे की डिजिटल निगरानी, उत्तराखंड में बनेगा यूनिफाइड ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म

Anurag Chaturvedi

अनुराग चतुर्वेदी पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता, लेखन और संपादन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए खबरों को निष्पक्षता और गहराई के साथ जनता के सामने रखा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link