Uttarakhand

एशियन गेम्स में पदक जीत यथार्थ देशवाल ने बढ़ाया मान, डीएम ने किया सम्मान

उत्तराखंड के यथार्थ ने चीन में आयोजित छठे बीच एशियन गेम्स में कबड्डी में जीता रजत पदक, युवाओं के लिए बने प्रेरणास्रोत, कबड्डी में राज्य का बढ़ रहा दबदबा

हरिद्वार, 2 मई 2026:

चीन में आयोजित छठे बीच एशियन गेम्स में कबड्डी में रजत पदक जीतकर यथार्थ देशवाल ने उत्तराखंड का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर दिया है।शनिवार को देशवाल ने उत्तराखंड कबड्डी एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ डीएम मयूर दीक्षित से उनके कैम्प कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की।

इस दौरान डीएम ने यथार्थ देशवाल को सम्मानित करते हुए उनकी इस बड़ी उपलब्धि पर बधाई दी।उन्होंने कहा कि देशवाल की यह सफलता राज्य के लिए गर्व के साथ युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत है। डीएम ने कहा कि खेलों में इस तरह की उपलब्धियां युवाओं को आगे बढ़ने का हौसला देती हैं। उन्हें नई दिशा देती हैं।

उत्तराखंड कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष महेश जोशी ने बताया कि यथार्थ देशवाल छह सदस्यीय भारतीय टीम का हिस्सा थे। उन्होंने शानदार प्रदर्शन कर रजत पदक हासिल किया। इससे पहले राज्य के खिलाड़ी भूमिका और राहुल बोरा ने बहरीन में आयोजित यूथ एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम ऊंचा किया था।

उन्होंने कहा कि छह महीनों में उत्तराखंड के तीन खिलाड़ियों ने कबड्डी में दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर साबित कर दिया है कि राज्य खेलों के क्षेत्र में तेजी से उभर रहा है। इस मौके पर नरेन्द्र सिंह, चेतन जोशी, प्रदीप चौधरी, ओपी चौहान, विवेक पडलिया, विमल डबराल, नवीन चौहान, पंकज राठी, सतीश उप्रेती, सुमित कुमार समेत कई खिलाड़ी मौजूद रहे।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button