Hardoi City

Hardoi News : लखनऊ के सराफा से हाईवे पर लूट, आंखों में मिर्ची झोंकी, पिटाई कर ले उड़े 5 किलो चांदी

शाहजहांपुर से लखनऊ लौटते समय कारोबारी की कार को स्विफ्ट डिजायर ने ओवरटेक कर रोका, शाहाबाद क्षेत्र में बजरी प्लांट के पास शीशा तोड़कर चांदी से भरा बैग निकाला, विरोध पर कारोबारी से मारपीट, आंखों में मिर्च पाउडर झोंका, वारदात के बाद पुलिस ने तीन टीमें लगाईं

हरदोई, 28 सितंबर 2026:

यूपी के हरदोई में लखनऊ के सराफा कारोबारी से हाईवे पर करीब पांच किलो चांदी लूट ली गई। रविवार देर रात शाहजहांपुर से लखनऊ लौट रहे कारोबारी की वैगन-आर कार को स्विफ्ट डिजायर सवार चार बदमाशों ने निर्माणाधीन लखनऊ-पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर बजरी प्लांट के पास रोक लिया। बदमाशों ने कार का शीशा तोड़कर पीछे रखा चांदी से भरा बैग निकाल लिया। विरोध करने पर कारोबारी से मारपीट की गई और उनकी आंखों में मिर्च पाउडर फेंककर बदमाश फरार हो गए।

शाहजहांपुर से लखनऊ लौट रहा था कारोबारी

लखनऊ के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र की अहमदगंज प्रेम विहार कॉलोनी निवासी हृदयराम सोनी सराफा के थोक कारोबारी हैं। वह आसपास के जिलों में चांदी के आभूषणों की सप्लाई करते हैं। रविवार रात वह चालक करन कश्यप के साथ कार से शाहजहांपुर से लखनऊ लौट रहे थे।

ओवरटेक के बाद बजरी पर चढ़ी कार

निर्माणाधीन लखनऊ-पलिया हाईवे पर शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र में बजरी प्लांट के पास पीछे से आई सफेद रंग की बिना नंबर की स्विफ्ट डिजायर ने कारोबारी की कार को तेज रफ्तार में ओवरटेक करते हुए टक्कर मारने की कोशिश की। इससे बचने के दौरान उनकी वैगन-आर सड़क किनारे पड़ी बजरी पर चढ़ गई और रुक गई।

ये भी पढ़ें:

शीशा तोड़कर चांदी से भरा बैग निकाला

कार रुकते ही स्विफ्ट डिजायर से चार लोग उतरे। बदमाशों ने कारोबारी के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद कार का शीशा तोड़कर पीछे रखा बैग निकाल लिया। कारोबारी के अनुसार बैग में करीब पांच किलो चांदी थी। विरोध करने पर बदमाशों ने उन्हें पीटा। भागते समय उनकी आंखों में मिर्च पाउडर भी फेंका।

राहगीरों ने पुलिस को दी सूचना

मारपीट में कारोबारी के सिर में चोट आई है। इसी दौरान वहां से गुजर रहे राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस के साथ सीओ संतोष सिंह और एएसपी अखिलेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

एसपी ने मौके पर पहुंचकर ली जानकारी

पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा भी मौके पर पहुंचे और कारोबारी से घटना की जानकारी ली। पुलिस के मुताबिक कारोबारी की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। घटना के बाद आसपास के थाना क्षेत्रों को भी अलर्ट किया गया है।

CCTV फुटेज से बदमाशों की तलाश

लूट के खुलासे के लिए एएसपी के नेतृत्व में तीन पुलिस टीमें लगाई गई हैं। टीमें घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं। हाईवे से गुजरने वाले वाहनों की फुटेज भी देखी जा रही है। पुलिस सफेद रंग की बिना नंबर वाली स्विफ्ट डिजायर की पहचान करने के साथ उसमें सवार चारों बदमाशों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

आसपास के जिलों में भी निगरानी

घटना के बाद पुलिस ने आसपास के जिलों को भी जानकारी दी है। हाईवे पर वाहनों की चेकिंग कर संदिग्ध कारों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि वारदात से जुड़े साक्ष्यों और CCTV फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें  दुकानों में लगी भीषण आग... सिलेंडरों के धमाके से दहला इलाका, लाखों का नुकसान

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link