
लखनऊ, 30 सितंबर 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में बुधवार तड़के एक कैब चालक ने आर्थिक तंगी से परेशान होकर गोमती नदी में छलांग लगा दी। मदेयगंज क्षेत्र के नया पक्का पुल पर कार खड़ी करने के बाद नदी में कूदे चालक की चीख-पुकार सुनकर गश्त कर रही पुलिस टीम सक्रिय हो गई। मदेयगंज पुलिस के एक सिपाही ने खुद नाव चलाकर नदी में उसका पीछा किया और काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पुलिस के मुताबिक तड़के करीब साढ़े तीन बजे मदेयगंज थाने की मोबाइल टीम इलाके में गश्त कर रही थी। नया पक्का पुल पर पुलिसकर्मियों को एक कार लावारिस हालत में खड़ी मिली। आसपास तलाश करने पर एक युवक गोमती नदी में डूबता दिखाई दिया। वह मदद के लिए चिल्ला रहा था।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मोबाइल टीम के सिपाही अवधेश ने कुड़ियाघाट के पास से नाव ली और खुद उसे चलाकर नदी में उतर गए। कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद उन्होंने युवक को पकड़ लिया और नाव में बैठाकर सुरक्षित किनारे पहुंचाया। पूछताछ में युवक की पहचान प्रतापगढ़ निवासी शाश्वत शुक्ला के रूप में हुई।
लोन की किस्तें और लाखों के चालान से था परेशान
शाश्वत ने पुलिस को बताया कि वह ओला-उबर ऐप के जरिए कैब चलाता है। उसकी कार पर लोन है, जिसकी कई किस्तें समय पर जमा नहीं हो सकीं। इसके अलावा वाहन पर लाखों रुपये के चालान भी हो गए थे। लगातार बढ़ती आर्थिक परेशानी के कारण वह तनाव में था और इसी वजह से आत्महत्या के इरादे से गोमती में कूद गया।
पुलिसकर्मियों ने उसे समझाया और बाद में परिजनों को बुलाकर शाश्वत को उनके सुपुर्द कर दिया।






