लखनऊ, 18 अप्रैल 2026:
लोकसभा में महिला आरक्षण से जुड़े बिल के पारित न हो पाने पर सियासी घमासान तेज हो गया है। इसी कड़ी में राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने शुक्रवार देर रात विधानभवन के सामने विरोध प्रदर्शन करते हुए सपा और कांग्रेस का झंडा जलाया।
अपर्णा यादव ने समर्थकों और आयोग के पदाधिकारियों के साथ सड़क पर उतरकर जमकर नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण बिल के पास होने की उम्मीद थी। इसके लिए जश्न की तैयारी भी की गई थी लेकिन बिल गिरने से यह रात काली साबित हुई।
उन्होंने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि ये लोग दुर्योधन और दुशासन जैसे हैं। इसलिए इनका झंडा जलाया जा रहा है। अपर्णा ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल नहीं चाहते कि आम घर की बेटियां और बहुएं राजनीति में आगे बढ़ें और सदन तक पहुंचें। उनका कहना था कि विपक्ष सिर्फ परिवारवाद को बढ़ावा देता है।
अपर्णा ने आगे कहा कि अगर यह बिल पास हो जाता तो पूरे प्रदेश में जश्न मनाया जाता। इसके लिए अलग-अलग जिलों में कार्यक्रम भी तय किए गए थे। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने नारी शक्ति अधिनियम को पारित कराने के लिए गंभीर कोशिशें कीं लेकिन विपक्ष के कारण यह संभव नहीं हो सका।
उन्होंने कहा कि यह रात कलंकित कर देने वाली है। जहां भारत माता की जय के नारे लगते हैं वहां नारी शक्ति का अपमान हुआ है। अपर्णा ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि नारी शक्ति इन्हें कभी माफ नहीं करेगी। महिला आरक्षण बिल को लेकर देशभर में सियासत गरम है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक टकराव और बढ़ने के आसार दिख रहे हैं।






