
लखनऊ, 2 अक्टूबर 2026:
यूपी के लखनऊ में Cyber Fraud रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। दो मामलों में लोगों से करीब 36.93 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। एक बार फिर से ग्रीन गैस कनेक्शन का मीटर अपडेट करने के नाम पर महिला के मोबाइल में APK File डाउनलोड कराई गई, जिसके बाद उसके खातों से 5.48 लाख रुपये निकल गए। दूसरे मामले में खुद को ICICI Bank कर्मचारी बताने वाले व्यक्ति ने पेंशन कार्ड बनवाने का झांसा देकर डेबिट कार्ड की ग्रिड की फोटो मंगाई और 36.39 लाख रुपये निकाल लिए। दोनों मामलों में Cyber Crime थाना लखनऊ में FIR दर्ज की गई है।
ग्रीन गैस कनेक्शन कटने का डर दिखाया
अलीगंज निवासी प्रीती गुप्ता के मोबाइल पर एक WhatsApp Call आई। कॉल करने वाले ने खुद को ग्रीन गैस कनेक्शन का कर्मचारी बताया। उसने कहा कि मीटर अपडेट होना है, इसके लिए एक APK File भेजी जा रही है। इसे डाउनलोड कर अपडेट नहीं करने पर कनेक्शन कटने की बात कही गई। प्रीती ने भेजी गई फाइल डाउनलोड कर दी। इसके बाद उसमें अपने आप एक कोड भर गया। उन्होंने उसे सबमिट किया तो मीटर अपडेट फेल दिखने लगा। उन्हें उस समय किसी गड़बड़ी का अंदाजा नहीं हुआ।
अगले दिन खाते से रकम निकलती रही
अगले दिन सुबह उनके खाते से 5 लाख रुपये निकल गए। इसके बाद शाम 4:15 बजे 9,088 रुपये और 4:45 बजे 39,402 रुपये की रकम भी निकाल ली गई। शाम को बैंक के मैसेज आने पर उन्हें खाते से रकम निकलने की जानकारी हुई। प्रीती ने बताया कि उनके साथ धोखे से कुल 5,48,490 रुपये की ठगी की गई। मामले में उन्होंने Cyber Crime थाना लखनऊ में शिकायत दी, जिसके आधार पर FIR दर्ज की गई।
पेंशन कार्ड के नाम पर बैंक कर्मचारी बनकर किया संपर्क
दूसरे मामले में आशियाना निवासी उमेश चंद्र दुबे को भी एक WhatsApp Call आई। कॉल करने वाले ने अपना नाम संदीप वर्मा बताया और खुद को ICICI Bank का कर्मचारी बताया। उसने पेंशन कार्ड बनाने के नाम पर बातचीत शुरू की। कॉल करने वाले ने उमेश के बैंक खाते और डेबिट कार्ड की सही जानकारी बताई। इससे उन्हें विश्वास हो गया कि सामने वाला बैंक से ही बात कर रहा है। पेंशन कार्ड बनवाने के लिए सहमत होने के बाद आरोपी ने डेबिट कार्ड पर मौजूद ग्रिड नंबर की फोटो लेने के लिए कहा। उन्होंने फोटो भेज दी।
बातचीत के दौरान खातों से निकल गए लाखों रुपये
इसके बाद आरोपी लगातार कॉल पर कार्ड का प्रोसेस चलने की बात करता रहा। इस दौरान कई बार कॉल डिस्कनेक्ट हुई। शाम करीब 3:50 बजे आखिरी कॉल आई। शिकायत के मुताबिक इसी दौरान आरोपी ने मोबाइल को हैक कर बैंक खातों से रकम निकाल ली। एक ICICI Bank खाते से 23,43,421 रुपये और दूसरे खाते से 3,96,015 रुपये निकाले गए। इसके अलावा नया खाता खोलकर Fixed Deposit के अगेंस्ट Overdraft के जरिए 9 लाख रुपये निकाल लिए गए। इस तरह कुल 36,39,436 रुपये की रकम खाते से निकल गई। उमेश ने Cyber Crime थाना लखनऊ में FIR दर्ज कराई है।






