
लखनऊ, 3 अक्टूबर 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में एलडीए से घर, फ्लैट या व्यावसायिक संपत्ति लेने वाले आवंटियों के लिए बड़ी राहत की पहल होने जा रही है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) 15 अक्टूबर को गोमती नगर स्थित अपने कार्यालय में ‘एलडीए लोन मेला’ आयोजित करेगा। खास बात यह होगी कि एक ही स्थान पर राष्ट्रीयकृत और अधिसूचित बैंकों की टीमें मौजूद रहेंगी। आवंटियों को मौके पर ही बैंक लोन संबंधी जानकारी, आवेदन की सुविधा और एनओसी उपलब्ध कराई जाएगी।
एलडीए के वित्त नियंत्रक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि प्राधिकरण की विभिन्न आवासीय और व्यावसायिक योजनाओं में बड़ी संख्या में संपत्तियों का आवंटन किया गया है। कई बार आवंटी सही बैंकिंग जानकारी के अभाव या समय पर ऋण स्वीकृत न होने के कारण संपत्ति का पूरा भुगतान नहीं कर पाते। भुगतान में देरी से उन पर अतिरिक्त ब्याज का बोझ बढ़ता है और लंबे समय तक बकाया रहने की स्थिति में आवंटन निरस्त होने का खतरा भी रहता है।
इसी समस्या को देखते हुए एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने आवंटियों की सुविधा के लिए लोन मेला आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। मेले में विभिन्न बैंकों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहेंगे, जिससे आवंटियों को अलग-अलग बैंकों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
एक ही जगह कई बैंकों का विकल्प
एलडीए के लेखाधिकारी विनोद कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक, मेले में आवंटियों को ऑन-स्पॉट बैंकिंग सहायता मिलेगी। मौके पर एनओसी उपलब्ध कराने के साथ ही विभिन्न बैंकों की मौजूदगी के कारण आवंटियों को प्रतिस्पर्धात्मक ब्याज दरों पर ऋण के विकल्प मिल सकेंगे। आवंटियों को मेले में आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक, आय प्रमाण पत्र और जाति प्रमाण पत्र समेत आवश्यक दस्तावेज लेकर पहुंचना होगा।
EWS आवंटियों के लिए खास मौका
लोन मेले का सबसे बड़ा फायदा दुर्बल और अल्प आय वर्ग के आवंटियों को मिलने की उम्मीद है। अधिकारियों के अनुसार, EWS श्रेणी के आवंटियों को बैंक ऋण लेने में अक्सर परेशानी आती है। ऐसे में एक ही छत के नीचे बैंक और एलडीए अधिकारियों की मौजूदगी से उनकी ऋण संबंधी प्रक्रिया आसान हो सकती है।
प्रधानमंत्री आवास योजना, अटल नगर योजना, सरदार वल्लभ भाई पटेल आवासीय योजना, पहले आओ-पहले पाओ योजना, अनंत नगर योजना समेत एलडीए की अन्य आवासीय व व्यावसायिक योजनाओं के आवंटी भी लोन के लिए आवेदन कर सकेंगे।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के अनुसार ‘एक दिन-एक स्थान, लोन संबंधी पूर्ण समाधान’ के उद्देश्य से आयोजित इस मेले का मकसद आवंटियों को ऋण संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराकर संपत्ति का पूरा भुगतान कराने में मदद करना है।






