Sports

Women Cricket : हरमनप्रीत ने छोड़ी कप्तानी, बोलीं- टीम के लिए अपना खेल और सपने तक पीछे रखे

Indian Women Cricket Team : हरमनप्रीत ने अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट में बताया क्यों आसान नहीं था फैसला, मुश्किल दौर से लेकर जीत और जश्न तक का किया जिक्र, कहा - टीम अब अच्छी स्थिति में है इसलिए कप्तानी छोड़ने का सुकून

स्पोर्ट्स डेस्क, 6 अक्टूबर 2026:

हाल ही में Asian Games में गोल्ड लाने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने सभी फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ दी है। उन्होंने मंगलवार को Instagram पर भावुक पोस्ट शेयर कर अपने फैसले की आधिकारिक जानकारी दी। हरमनप्रीत ने कहा कि कप्तानी छोड़ने का फैसला उनके लिए आसान नहीं था। इस सफर में बरसों की यादें, भावनाएं, त्याग और ऐसे कई पल जुड़े हैं, जो जिंदगी भर उनके साथ रहेंगे।

टीम के लिए अपने सपनों को भी पीछे रखा

हरमनप्रीत ने कहा कि उन्होंने भारतीय टीम और महिला क्रिकेट के लिए अपना सबकुछ दिया। इसमें अपना खून-पसीना, समय ही नहीं, कई बार अपने खेल और निजी सपनों का हिस्सा भी शामिल था। उन्होंने बताया कि ऐसे मौके आए जब उन्हें अपने व्यक्तिगत प्रदर्शन, तरक्की और अपनी इच्छाओं को पीछे रखना पड़ा, क्योंकि उनके लिए टीम हमेशा सबसे पहले रही।

कप्तानी में लिए मुश्किल फैसलों की भी बात

हरमनप्रीत ने बताया कि कप्तान के तौर पर उन्हें कई मुश्किल फैसले लेने पड़े। इनमें कुछ फैसलों को लोग समझ नहीं पाए और कई बार इनकी कीमत उन्हें खुद चुकानी पड़ी। उनका कहना है कि उन्होंने हर फैसला टीम को बेहतर बनाने के मकसद से लिया। साथ ही वह चाहती थीं कि दूसरी खिलाड़ी आगे बढ़ें, खुद पर भरोसा करें और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें।

हार, आलोचना से लेकर जीत के जश्न तक सब देखा

हरमनप्रीत ने अपने कप्तानी सफर के मुश्किल दौर को भी याद किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने हार्टब्रेक, हार, आलोचना, सवाल और ऐसे दिन देखे जब कुछ भी टीम के पक्ष में जाता नजर नहीं आया। इसके साथ ही उन्होंने जीत, जश्न और देश का प्रतिनिधित्व करने के गर्व वाले पल भी देखे। उनके मुताबिक इन्हीं पलों ने किए गए हर त्याग को सही साबित किया।

Advertisement

कप्तानी छोड़ी, लेकिन टीम की स्थिति से संतुष्ट

हरमनप्रीत ने साफ किया कि कप्तानी छोड़ने का मतलब भारतीय महिला क्रिकेट से उनका सफर खत्म होना नहीं है। उन्होंने कहा कि कप्तानी की जिम्मेदारी से हटने के बाद भी उन्हें इस बात का सुकून है कि टीम अच्छी स्थिति में है। अब उनका फोकस बतौर खिलाड़ी अपने खेल पर ज्यादा रह सकता है।

T20 में 155 मैचों की कप्तानी

महिला T20 International में हरमनप्रीत ने भारत की 155 मैचों में कप्तानी की। इस दौरान टीम ने 92 मुकाबले जीते, 57 में हार मिली, एक मैच टाई रहा और 5 मुकाबलों का नतीजा नहीं निकला। उनका जीत प्रतिशत 59.35 रहा।

ODI में 51 मैचों में कप्तानी, टेस्ट में 80 फीसदी जीत का रिकॉर्ड

One Day International में हरमनप्रीत ने 51 मैचों में भारत की कप्तानी की। टीम ने इनमें 30 मुकाबले जीते, जबकि 19 में हार मिली। एक मैच टाई रहा और एक मुकाबला बेनतीजा रहा। उनका जीत प्रतिशत 58.82 रहा। Test क्रिकेट में हरमनप्रीत ने भारत की 5 मैचों में कप्तानी की। इनमें टीम ने 4 मैच जीते और एक में हार मिली। इस फॉर्मेट में उनका जीत प्रतिशत 80 रहा, जो तीनों फॉर्मेट में उनका सबसे बेहतर कप्तानी रिकॉर्ड है।

ये भी पढ़ें  मुझे मेरे प्रशंसक वापिस मिल गये : हार्दिक पांड्या ने T20 में फैंस के व्यवहार पर दी प्रतिक्रिया।

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link