Lucknow City

UP News : श्रवण धाम से खुले ग्रामीण पर्यटन के नए द्वार, किताबों से निकलकर विरासत तक पहुंचे छात्र

‘विजिट माय स्टेट उत्तर प्रदेश’ अभियान के तहत गाजीपुर के 108 विद्यार्थियों ने अंबेडकरनगर में जानी श्रवण कुमार की कथा, गांवों की संस्कृति और धार्मिक विरासत को पर्यटन से जोड़कर रोजगार बढ़ाने की तैयारी

लखनऊ, 15 अक्टूबर 2026:

यूपी में अब गांवों की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत पर्यटकों को आकर्षित करने के साथ ही विद्यार्थियों के लिए भी सीखने का नया माध्यम बनेगी। ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने और प्रदेश के अल्पज्ञात पर्यटन स्थलों को पहचान दिलाने के लिए शुरू की गई पहल के तहत गाजीपुर के 108 विद्यार्थियों और शिक्षकों ने अंबेडकरनगर के श्रवण धाम का भ्रमण किया। ‘विजिट माय स्टेट उत्तर प्रदेश’ अभियान के तहत आयोजित इस शैक्षिक यात्रा में विद्यार्थियों ने पौराणिक कथाओं, धार्मिक परंपराओं और ग्रामीण जीवन की सांस्कृतिक समृद्धि को करीब से जाना। इस पहल के जरिए सरकार की कोशिश गांवों की विरासत को पर्यटन से जोड़कर स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका के नए अवसर तैयार करने की है।

श्रवण कुमार की कथा से सीखा सेवा और समर्पण का संदेश

अंबेडकरनगर के चिउंटीपारा गांव स्थित श्रवण धाम में आरके पब्लिक स्कूल, बहरी के विद्यार्थियों और शिक्षकों को गांव के समन्वयक महेंद्र गौर तथा कथावाचक सुनील मिश्रा ने श्रवण कुमार की कथा सुनाई। विद्यार्थियों को बताया गया कि किस तरह श्रवण कुमार ने अपने नेत्रहीन माता-पिता की सेवा और उनकी तीर्थयात्रा को अपने जीवन का उद्देश्य बनाया। कथा के माध्यम से विद्यार्थियों को मातृ-पितृ भक्ति, सेवा और समर्पण के मूल्यों से परिचित कराया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने मंदिरों और पवित्र घाटों का भ्रमण कर क्षेत्र की धार्मिक परंपराओं और पौराणिक मान्यताओं को समझा।

गांवों की विरासत बनेगी रोजगार का आधार

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार गांवों में संरक्षित सांस्कृतिक विरासत को पर्यटन से जोड़ रही है। ‘विजिट माय स्टेट’ अभियान विद्यार्थियों को अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ प्रदेश के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों को नई पहचान दिलाने का माध्यम है। इससे शैक्षिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ ग्रामीण परिवारों, शिल्पकारों और स्थानीय युवाओं के लिए आय के नए रास्ते खुलेंगे।

ये भी पढ़ें:

आरती, नौकायन और देसी जायका बनेगा आकर्षण

चिउंटीपारा गांव को पर्यटन विभाग की ‘एग्री रूरल एंड गंगे ग्राम रूरल टूरिज्म’ पहल के तहत पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। रामघाट पर संध्या आरती, भक्ति गीत, श्रवण क्षेत्र के मंदिरों का भ्रमण और तमसा, मांडवा व विसुई नदियों के संगम पर नौकायन जैसे अनुभव पर्यटकों को आकर्षित कर सकते हैं। नजदीकी दरवां झील में नौकायन, फोटोग्राफी और सर्दियों में पक्षी दर्शन की भी संभावनाएं हैं।

Advertisement

होमस्टे और फार्म स्टे के जरिए पर्यटक ग्रामीण आतिथ्य, पारंपरिक भोजन और कृषि जीवन का अनुभव कर सकेंगे। मिट्टी के बर्तन बनाने, अगरबत्ती निर्माण तथा खजला और बालूशाही जैसी स्थानीय मिठाइयों से ग्रामीण हुनर और जायके को भी बढ़ावा मिलेगा।

पर्यटकों के आने से गांवों में बढ़ेंगे अवसर

डीएम ईशा प्रिया के मुताबिक श्रवण कुमार की कथा से जुड़ी धरती पर इस प्रसंग को सुनना विद्यार्थियों के लिए यादगार अनुभव है। जिले की धार्मिक विरासत, नदी तटों, हस्तशिल्प और ग्रामीण परंपराओं को व्यापक पहचान दिलाने की जरूरत है। प्रशासन का प्रयास है कि पर्यटक केवल तीर्थस्थलों तक सीमित न रहें अपितु स्थानीय संस्कृति और ग्रामीण जीवन को भी जानें। इससे कथावाचकों, गाइडों, शिल्पकारों और मेजबान परिवारों के लिए अवसर बढ़ेंगे। इस तरह शैक्षिक पर्यटन गांवों की पहचान मजबूत करने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देने का माध्यम बन सकता है।

ये भी पढ़ें  UP विधानसभा में योगी के जिस पोस्टर पर हुआ एक्शन, वही लेकर धरने पर बैठे MLA सचिन यादव

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link